यूपी के 26 जिलों में आज भारी और 25 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट है। यहां 30-40 की स्पीड से हवा चल सकती है। लगातार बारिश से नदियां और नाले उफान पर हैं। शनिवार को हापुड़ में बारिश में नहा रहे बच्चे पर अचानक बिजली गिर गई। घटना का सीसीटीवी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि आग के गोले की तरह बिजली गिरती है। बच्चे की मौके पर मौत हो गई। हापुड़ में ही डीएम अभिषेक पांडेय ने गढ़ क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। देर शाम वह 3 फीट पानी से होकर जरूरतमंदों तक पहुंचे। डीएम ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर हाल जाना। इधर, महोबा में 6 सेकेंड में एक जर्जर मकान ढह गया। जिस वक्त मकान ढहा, वहां कोई नहीं था। फर्रुखाबाद में गंगा नदी की बाढ़ की चपेट में 40 गांव हैं। शाहजहांपुर और शमशाबाद मार्ग पर 2 फीट पानी भरा हुआ है। अयोध्या में भी सरयू उफान पर है। 18 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। शनिवार को 24 घंटे में यूपी के 72 जिलों में बारिश में 16.2 मिमी बारिश हुई, जो मौसम विभाग के अनुमान 7.1 मिमी से 128% ज्यादा है। वहीं, 1 जून से 9 अगस्त तक यूपी में 473.3 मिमी बारिश हुई, जो अनुमान 423.5 मिमी से 12% अधिक है। मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने कहा- पश्चिमी विक्षोभ की पछुआ हवा से हो रही प्रतिक्रिया के चलते बने हालातों के प्रभाव से प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश जारी है। आगामी 24 घंटे तक बिना किसी विशेष परिवर्तन के ऐसा ही मौसम बना रहेगा। UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…