अजय राय बोले- मोदी जीते नहीं बल्कि जिताए गए:वाराणसी में वोटों की चोरी की, RSS के कार्यकर्ता फर्जी वोट डाल रहे

यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, PM को जिताने के लिए वाराणसी में वोटों की चोरी की गई। हकीकत ये है कि वो जीते नहीं बल्कि उनको जिताया गया है। 2024 काशी चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मजाक गया है। मतदाता सूची में हेरफेर और सरकारी मशीनरी के खुले दुरुपयोग से नतीजे अपने पक्ष में कर लिए गए। ‘विशाल सिंह’ का नाम एक युवक कर्नाटक और काशी दोनों जगह मतदाता सूची में दर्ज है। कैंट विधानसभा क्षेत्र में ‘निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कालेज तुलसीपुर’ स्कूल में वोट डाला। ऐसे हजारों फर्जी मतदाता भाजपा-RSS के कार्यकर्ता होते हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में जाकर बार-बार मतदान करते हैं। अजय राय ने रविवार को वाराणसी में कांग्रेस के कार्यालय में प्रेसवार्ता की। 1. राहुल गांधी ने सबकी पोल खोल दी
अजय राय ने कहा-BJP ने वोटों की चोरी, फर्जी वोटर की सूचना देने के लिए टोलफ्री नंबर और वेबसाइट लॉन्च की है। प्रशासन ने बेईमानी करके PM मोदी को जिताया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पुख्ता सबूतों से यह स्पष्ट है कि काशी में संगठित तरीके से मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़े गए। बाहरी राज्यों के लोगों को वोट डलवाया गया। सूबे में वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस खुलकर विरोध और सड़क से लेकर सदन तक प्रदर्शन कर रही है। जिसने इनकी पूरी पोल खोलकर रख दी है। 2. फर्जी वोटरों के पीछे भाजपा-आरएसएस
अजय राय ने कहा-सरकार वोट चोरी के लिए फर्जी वोटर लिस्ट और आरएसएस के कार्यकर्ताओं को तैयार करती है। भाजपा लाखों वोट से विधानसभा और लोकसभा जीत जाती है। अगर निष्पक्ष चुनाव हो जाए तो भाजपा यहां लोकसभा, विधानसभा तो दूर पार्षद तक का चुनाव जीतने के लिए भी पसीना बहा देगी। पूरा खेल चुनाव आयोग की नाक के नीचे हुआ। अफसर बेखबर। उल्टा, आयोग विपक्ष को डिजिटल वोटर लिस्ट देने से इनकार कर रहा है। कांग्रेस लगातार ठोस डेटा और सबूत दे रही है। लेकिन, आयोग उन्हें स्वीकारने की बजाय विपक्ष से हलफनामा मांग रहा है। 3.चुनावी घोटाला लोकतंत्र और संविधान से धोखा
अजय राय ने कहा-यह सिर्फ एक चुनावी घोटाला नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र के साथ किया गया सबसे बड़ा धोखा है। मोदी का पूरा सिस्टम काशी में लगा हुआ था। कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल, पूरी भाजपा कैबिनेट काशी की सड़कों पर चुनाव प्रचार में उतार दी गई थी। पानी की तरह पैसा बहाया गया और सत्ता की पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा नेताओं ने 10 लाख वोट के अंतर से जीतने का दावा किया, लेकिन, नतीजों में किसी तरह मात्र डेढ़ लाख वोट से वोट चोरी करके मोदी जी बचते-बचाते जीत पाए। हम काशी के 4 लाख 60 हजार मतदाताओं का आभार जताते है। कांग्रेस हमेशा जनता के अधिकारों के लिए लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। याद रखिए अच्छे दिन का झूठा नारा देने वाले आपका बुरा दिन जरूर आएगा। हम लोकतंत्र ,संविधान की रक्षा का संकल्प लेते है। 4.विपक्ष पर ED-CBI से छापे मरवाती
अजय राय ने कहा-भाजपा विपक्ष पर ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियां लगाकर छापे मार सकती है, तो काशी में हुई इस बड़ी धांधली की जांच क्यों नहीं कराई जा रही? चुनाव जीतने के लिए हर भ्रष्टाचार को गले लगाया, जिनको सलाखों के पीछे होना चाहिए थे वह भी भाजपा के लिए चुनाव में लामबंद होकर मोदी जी को चुनाव जीतने के लिए कार्य कर रहे थे। सच्चाई छिप नहीं सकती, सच्चाई आज नहीं कल सामने तो आएगी ही। समय आने पर सच्चाई का हिसाब भी होगा। जननायक नेता विपक्ष राहुल गांधी जी ने स्पष्ट कह दिया किसी भी भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। अजय राय ने चुनाव आयोग को भेजे आठ सवाल 1. विपक्ष को डिजिटल वोटर लिस्ट क्यों नहीं दी जा रही? आखिर क्या छुपाया जा रहा है? 2. CCTV फुटेज और वीडियो सबूत क्यों मिटाए जा रहे हैं? और किसके इशारे पर? 3. वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और फर्जी वोटिंग क्यों की गई? 4. विपक्षी नेताओं को धमकाने और डराने का खेल क्यों चल रहा है? 5. 2024 लोकसभा चुनाव के समय चुनाव आयोग की डिजिटल वेबसाइट पर वाराणसी की सीट का डाटा रोक दिया गया था ? 7. वाराणसी में चुनाव वाले दिन विपक्ष के जनप्रतिनिधियों,नेताओं को नजरबंद किया जा रहा था।और वोटरों को धमकाया जा रहा था ? 8. वाराणसी में जब नतीजों हम आगे चल रहे थे तब गिनती को जानबूझकर धीमा किया गया आखिर क्यों ? ———————– ये खबर भी पढ़िए- किन्नर और उसके भाई की हत्या, शव बेड में छिपाया: कानपुर में 4 दिन से सड़ रही थीं लाशें; प्रेम-प्रसंग में मर्डर की आशंका कानपुर में किन्नर और उसके मुंहबोले भाई की हत्या कर दी गई। किन्नर का शव दीवान में ठूंसा मिला, जबकि उसके भाई का शव जमीन पर पड़ा था। घटना का पता उस वक्त चला, जब 4 दिन से फोन न उठाने पर मां, पिता और बहन पहुंचे। देखा तो दरवाजा बाहर से बंद था। घर के अंदर से तेज बदबू आ रही थी। काफी आवाज देने के बाद भी जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी। वह दूसरी चाबी लेकर पहुंचा और दरवाजा खोला। अंदर गए तो देखा, दोनों की लाश पड़ी हुई थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पढ़ें पूरी खबर…