झांसी में महिला ने 2 लुटेरों को दौड़ाकर पकड़ा:बाल पकड़कर जमीन पर पटका, बदमाश बोला- गोली मार दूंगा; महिला ने तमंचा छीनकर थप्पड़ जड़े

झांसी में बाइक सवार 3 लुटेरों ने महिला के गले में झपट्टा मारकर चेन लूट ली। महिला ने दौड़कर दो बदमाशों के बाल पकड़ लिए। बाल खींचकर दोनों को सड़क पर गिरा दिया। महिला एक बदमाश को पीटने लगी तभी दूसरे ने उसके तमंचा लगा दिया। धमकी दी- छोड़ दो वरना गोली मार दूंगा। महिला ने उससे तमंचा छीन लिया और थप्पड़ जड़ दिए। तब तक मौके पर महिला का पिता और अन्य ग्रामीण आ गए। तीसरा बदमाश बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस को फोन कर बुला लिया। इस दौरान एक बदमाश महिला से हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। मगर महिला ने उसे डांट दिया। महिला अपने पिता और मां के साथ बाइक से जा रही थी। पुलिस ने दोनों बदमाशों को अरेस्ट कर लिया। उनके पास से एक तमंचा भी बरामद किया है। मामला मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ढकरवारा गांव का है। बेटी को लेकर गांव जा रहे थे
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के पलेरा थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव में रहने वाले हरिकिशन कुशवाहा किसान हैं। बुधवार दोपहर वह अपनी पत्नी सहुदरा और बेटी रोशनी को लेकर बौडा से गांव लौट रहे थे। तीनों लोग बाइक से जा रहे थे। हरिकिशन ने बताया- हम लोग मथुपुरा ढकरवारा नहर के पास पहुंचे। यहां पर पहले से ही एक बाइक लेकर तीन लोग खड़े थे। तीनों युवकों ने हमारी बाइक रोक ली। इसके बाद रोशनी के गले में झपट्‌टा मारकर चेन लूट ली। इससे हम सभी लोग जमीन पर गिर गए। इसी बीच बेटी उठी और भाग रहे बदमाशों के पीछे भागने लगी। तभी बेटी ने दो बदमाशों के बाल पकड़ लिए और जमीन पर गिरा दिया। एक बदमाश से बेटी की हाथापाई शुरू हो गई। तभी दूसरे बदमाश ने बेटी पर तमंचा तान दिया और गोली मारने की धमकी दी। इस बीच दोनों बदमाश बेटी के चंगुल से छूट कर भागने लगे। हम लोगों ने शोर मचा दिया तो खेतों में काम कर रहे ग्रामीण आ गए। फिर ग्रामीणों ने घेर कर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। जबकि तीसरा बदमाश बाइक लेकर भाग गया। ग्रामीणों ने बदमाशों की पिटाई कर पुलिस को सौंपा
ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाशों की जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। रोशनी ने पुलिस को बताया- ये बदमाश मुझे तमंचा दिखा रहा था। यह सुनते ही बदमाश हाथ-पैर जोड़ने लगा। तब रोशनी ने उसे हड़का दिया। पुलिस ने तमंचा लेकर आरोपियों को अरेस्ट कर लिया और थाने लेकर आ गई। रोशनी ने बताया कि मेरा नेकलेस टूट गया। बदमाश बार-बार मुझे गोली मारने की धमकी दे रहा था। बदमाश ने मेरे गले में झपट्‌टा मारा। इससे बदमाश के नाखून मेरे गले में लग गए हैं। केस दर्ज करके बदमाश को तलाश रहे हैं
मऊरानीपुर सीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एक महिला अपने पिता के साथ एमपी की तरफ जा रही थी। रास्ते में तीन बदमाशों ने महिला की चेन लूट ली। तब महिला ने पिता और ग्रामीणों की मदद से दो बदमाशों को पकड़ लिया। उनके पास से चेन और तमंचा बरामद हुआ है। एक बदमाश बाइक लेकर भाग गया। ……………….. ये खबर भी पढ़िए- अखिलेश का स्वतंत्र देव पर तंज-सोती सरकार के सोते मंत्री:भाजपा के दो विधायकों में झड़प; बागी विधायक राकेश सिंह सपा पर भड़के यूपी 2047 में कैसा होना चाहिए? विकास कैसे हो? कैसे आत्मनिर्भर बने? इसके लिए योगी सरकार आज 2047 का विजन डॉक्यूमेंट पेश कर रही है। इस पर 24 घंटे लगातार चर्चा होगी। आज रातभर सदन चला। रात करीब 1 बजे विधायक राजेश चौधरी और सौरभ श्रीवास्तव में सदन के अंदर झड़प हुई। दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। साथी विधायकों ने मामला शांत कराया। दोनों के बीच सदन में बोलने का समय दिलाने को लेकर तकरार शुरू हुई थी। पढ़ें पूरी खबर