प्रयागराज में सोनार की चाकू से गोदकर हत्या:नहर में फेंक कर भागे हमलावर, एक को ग्रामीणों ने पकड़ा

प्रयागराज में दिनदहाड़े सोनारी का काम करने वाले युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। चीख पुकार मची तो हमलावरों ने चाकू से गोदने के बाद युवक को शारदा सहायक नहर में फेंक दिया। ग्रामीणों ने दौड़ाकर एक हमलावर को पकड़ लिया। पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले किया गया है। सरेआम हत्या से सनसनी फैल गई। हत्या के पीछे रुपए के लेनदेन का विवाद सामने आ रहा है। पुलिस अधिकारी मौके पर पूछताछ कर रह हैं। बहादुरपुर होलागढ़ के रहने वाले अजय कुमार सोनी के बेटे 25 साल अमन सोनी ने वर्तमान में मऊआइमा थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में मकान बनवा लिया है। वह इसी मकान में रहकर सोनारी का काम करता था। दोपहर करीब 12 बजे मऊआइमा के बालाडीह गांव के रहने वाले प्रेम नामक युवक ने उसे फोन कर बुलाया। कहा कि गहनों का आर्डर देना है। अमन बाइक प्रेम से मिलने पहुंचा। हरखपुर शारदा सहायक नहर के पास प्रेम ने अमन को रोक लिया। उसके साथ दो अन्य युवक भी थे। तीनों ने मिलकर अमन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़ते तो हमलावरों ने अमन को नहर में फेंक दिया और भागने लगे। एक हमलावर बाइक पर नहीं बैठ पाया जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने शव को नहर से निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मऊआइमा थाना प्रभारी पंकज अवस्थी ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। रुपये के लेनदेन का मामला सामने आ रहा है।