झांसी में पूर्व प्रधान ने गर्लफ्रेंड के किए 7 टुकड़े:3 कुएं में डाले, बाकी नदी में फेंके; शादी का दबाव बना रही थी

झांसी में पूर्व प्रधान ने अपनी गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद लाश को 7 टुकड़ों में काटा डाला। 3 टुकड़े बोरियों में भरकर कुएं में फेंक दिए। बाकी टुकड़ों को 7 किलोमीटर दूर नदी में फेंक आया। 9 अगस्त को हुई इस वारदात में उसके 2 साथी भी शामिल थे। इसके 4 दिन बाद 13 अगस्त को कुएं के अंदर 2 बोरियों में 2 टुकड़े मिले, तो सनसनी फैल गई। इसके बाद पुलिस की 18 टीमों ने मिलकर मामले की छानबीन की। तब जाकर मंगलवार को शव की शिनाख्त रचना यादव (35) के रूप में हो पाई। इसके बाद पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए बुधवार को महेवा गांव के पूर्व प्रधान संजय पटेल और उसके भतीजे संदीप पटेल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने नदी के अंदर से महिला का सिर समेत अन्य बॉडी के पार्ट बरामद कर लिए। पुलिस ने संजय पटेल और संदीप पटेल को जेल भेज दिया है। अभी एक आरोपी प्रदीप उर्फ दीपक अहिरवार फरार है। अब विस्तार से पढ़िए… फसल देखने गया था किसान, वहां दिखी लाश
13 अगस्त को टोड़ीफतेहपुर थाना क्षेत्र के किशोरपुरा गांव में रहने वाला विनोद पटेल अपने खेत पर गया था। उसके खेत में बने कुएं से तेज बदबू आ रही थी। विनोद ने कुएं में झांककर देखा, तो पानी में दो बोरियां तैर रही थीं। उसने तुरंत पुलिस और गांववालों को इस बारे में बताया। पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों बोरियों को कुएं से बाहर निकलवाया। एक बोरी में महिला का गर्दन से लेकर कमर तक का हिस्सा था। जबकि, दूसरी बोरी में कमर से लेकर जांघ तक का हिस्सा भरा था। महिला के हाथ-पैर और सिर गायब थे। इसके बाद कुएं को खाली करवाया गया। तब एक हाथ भी मिल गया। लेकिन, बिना सिर के महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। इसके बाद सोमवार (18 अगस्त) को पोस्टमॉर्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया। फिर इस हत्याकांड की जांच करने के लिए पुलिस की 18 टीमें लगाई गईं। इसके बाद एक पुलिस टीम महेवा गांव पहुंची। वहां एक व्यक्ति ने बताया कि ये रचना यादव हो सकती है। रचना के बारे में जब पुलिस ने पता लगाया, तो वह मिसिंग थी। भाई को बताया था कि तेरी बहन को मार डाला
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि पुलिस तलाश करते हुए रचना यादव के मध्यप्रदेश में टीकमगढ़ के मैलवारा गांव पहुंच गई। तब भाई ने कहा कि यह लाश बहन रचना यादव की है। हत्या टोड़ीफतेहपुर के महेवा गांव के पूर्व प्रधान संजय पटेल ने की है। संजय ने हत्या के बाद मुझे फोन लगाकर कहा था कि तेरी बहन को मार डाला है। इसके बाद पुलिस संजय पटेल और उसके भतीजे संदीप पटेल तक पहुंची। दो शादी पहले कर चुकी थी रचना
रचना यादव टीकमगढ़ के चंदेरा थाना क्षेत्र के मैलवारा गांव की रहने वाली थी। उसकी पहली शादी टीकमगढ़ में हुई थी। दोनों के 2 बच्चे भी हो गए। शादी के 5 साल बाद पति से मनमुटाव होने के बाद वह अपने मायके में रहने लगी। कुछ समय बाद रचना की दूसरी शादी टोड़ीफतेहपुर के महेवा गांव में रहने वाले शिवराज यादव से हो गई। लेकिन, साल-2023 में रचना ने शिवराज, उसके बड़े भाई पर रेप और हत्या की कोशिश की FIR करा दी। इस मामले का गरौठा कोर्ट में केस चल रहा था। केस की पैरवी में पूर्व प्रधान संजय पटेल ने मदद की। इसके बाद संजय की रचना से दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे ये दोस्ती प्यार में बदल गई। रचना संजय से मोटी रकम भी लेने लगी। 2 साल से दोनों के बीच अफेयर चल रहा था। 2 महीने पहले शिवराज की मौत हो गई। तब से रचना अपने बॉयफ्रेंड संजय पर शादी करने का दबाव बना रही थी। संजय ने काफी समझाया, लेकिन रचना मान नहीं रही थी। जब किसी तरह से बात नहीं बनी, तो संजय ने रचना की हत्या करने का प्लान बनाया। इस साजिश में उसने अपने भतीजे संदीप पटेल और गरौठा के पसौरा गांव में रहने वाले प्रदीप उर्फ दीपक अहिरवार को भी शामिल किया। कार में गला घोंटा, फिर 7 टुकड़े कर दिए
9 अगस्त को संजय, संदीप और प्रदीप रचना को कार में बैठाकर घुमाने के बहाने से ले गए। संजय ने कार में भी उसे समझाया, लेकिन वो शादी की जिद पर अड़ गई। इसके बाद संजय ने कार के अंदर ही रचना का गला घोंट दिया। फिर तीनों लाश को लेकर किशोरपुरा गांव में महेवा रोड पर लेकर पहुंचे। यहां विनोद पटेल के कुएं पर धारदार हथियार से रचना के शव के 7 टुकड़े किए। फिर अलग-अलग बोरियों में टुकड़े भर दिए। साथ में बोरी में ईंट भी भरी, जिससे लाश पानी में शव ऊपर न आ पाए। इसके बाद 3 बोरियों को कुएं में डाल दिया। सिर, पैर समेत बॉडी के अन्य पार्ट 7 किलोमीटर दूर रेवन गांव के पास लखेरी नदी में फेंक दिए। इसके बाद तीनों अपने-अपने घर चले गए। —————————- ये खबर भी पढ़ें… आगरा में बेटी को तेंदुए के जबड़े से खींच लाई, अटैक के बावजूद मां डटी रही, 15 मिनट लड़ी आगरा में 3 साल की बेटी को बचाने के लिए मां तेंदुए से भिड़ गई। करीब 15 मिनट तक उससे लड़ती रही। इसके बाद तेंदुआ छोड़कर भाग गया। हालांकि हमले में मां-बेटी दोनों घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद जैतपुर CHC भेज दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…