वाराणसी में कार खड़ी करने के विवाद में दबंगों ने सनबीम स्कूल के टीचर की हत्या कर दी। हमलावरों ने पहले ईंटों से सिर कूंचा फिर लोहे की रॉड मारकर लहूलुहान कर दिया। मातृ छाया अपार्टमेंट के नीचे हमलावर शिक्षक के मरने तक उसे पीटते रहे। वारदात के बाद परिजन और आसपास जुटे लोग शिक्षक प्रवीण झा को बीएचयू अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना गुरुवार रात भेलूपुर के कबीरनगर की है। उधर, शिक्षक की मौत के बाद हमलावर अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। सूचना पर भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार और थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसीपी ने बीएचयू में मौजूद परिजनों से जानकारी ली। इसके बाद थाना पुलिस को शव कब्जे में लेने का निर्देश दिया। हमलावरों की तलाश के लिए उनके घरों पर पुलिस पहुंची। बताया गया कि देर रात 3 हमलावर को पुलिस ने दबोच लिया है, जिससे थाने में पूछताछ जारी है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के मातृ छाया अपार्टमेंट, कबीर नगर कॉलोनी निवासी डॉ. प्रवीण झा (48) सनबीम भगवानपुर में शिक्षक के तौर पर कार्यरत थे। गुरुवार की रात शिक्षक डॉ. प्रवीण झा बाजार से अपने आवास पर आए थे। इसके बाद उन्होंने नीचे बेसमेंट में गाड़ी खड़ी कर दी तो दूसरे अपार्टमेंट के वाशिंदे ने आपत्ति जताई। शिक्षक ने कार हटाने की बात कही लेकिन प्रवीण कुमार झा और आदर्श कुमार सिंह पटेल पुत्र डीके सिंह पटेल ने विवाद शुरू कर दिया। दोनों के बीच काफी कहासुनी हो गई, जिसके बाद युवक का साथी शिक्षक पर हमलावर हो गया। दोनों ने मिलकर पहले तो शिक्षक को हाथ-लात से पीटा, बाद में ईंट उठाकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। विवाद के दौरान एक साथी पास में पड़ी रॉड लेकर आ गया और शिक्षक के सिर पर मार दिया। जिससे लहूलुहान शिक्षक प्रवीण अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी हमलावर उनकी मौत होने तक पीटते रहे और फिर मृत छोड़कर चले गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित किया केदार नगर कॉलोनी में स्थित मातृछाया अपार्टमेंट के कई लोग मौके पर पहुंच गए और प्रवीण झा को लहूलुहान हालत में पास के लाइफ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने मना करते हुए उनको रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उनको ट्रामा सेंटर लेकर गए, जहां पर जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने सिर पर गहरी चोट को मौत का कारण बताया है। सूचना पर पहुंचे एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि मातृछाया अपार्टमेंट में बेसमेंट में गाड़ी खड़ी करने की बात को लेकर प्रवीण कुमार झा और आदर्श कुमार सिंह पटेल पुत्र डीके सिंह पटेल के बीच विवाद हुआ। दोनों इसी अपार्टमेंट में रहते हैं, परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। हमलावरों की तलाश के साथ विधिक कार्रवाई की जा रही है।