कानपुर में स्ट्रीट डॉग का BBA स्टूडेंट पर हमला:छात्रा का गाल दो हिस्सों में बंटा, नाक का भी मांस नोचा; चेहरे पर 17 टांके लगे

कानपुर में कॉलेज से घर आ रही बीबीए छात्रा पर स्ट्रीट डॉग्स ने हमला कर दिया। उसे सड़क पर गिरा दिया। उसके गाल का मांस नोच लिया। इससे उसका गाल दो हिस्सों में बंट गया। वहीं नाक से भी मांस नोच लिया। छात्रा का शोर सुनकर मौके पर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। लोगों ने डंडों से मारकर कुत्तों को हटाया। इसके बाद छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके गाल और नाक पर 17 टांके लगे हैं। मामला श्याम नगर क्षेत्र का है। 20 अगस्त को कॉलेज से लौटते समय कुत्तों ने किया अटैक
श्याम नगर के मकान नंबर ई-59 केडीए कॉलोनी देहली सुजानपुर रामपुरम फेस-1 में रहने वाले आशुतोष ने बताया कि उनके दिवंगत भाई वीरेंद्र स्वरूप साहू का परिवार उनके साथ रहता है। उनकी 21 साल की भतीजी वैष्णवी साहू एलन हाउस रूमा में बीबीए फाइनल ईयर की स्टूडेंट है। 20 अगस्त को वह कॉलेज से घर लौट रही थी। मोहल्ले के मुधवन पार्क के पास आवारा कुत्ते का झुंड और बंदरों में झगड़ा हो रहा था। इस दौरान तीन कुत्तों ने उसके ऊपर हमला बोल दिया और उसे नोचने लगे। कुत्तों के उसका मुंह और नाक के साथ शरीर पर कई जगह काट लिया। दाहिनी तरफ का पूरा गाल दो हिस्सों में बंट गया
बताया- कुत्तों ने उसके दाएं तरफ के गाल का मांस नोच लिया। इससे उसका गाल दो हिस्सों में बंट गया। कुत्तों ने नाक में नोच लिया। चेहरे के साथ ही शरीर में कई जगह काटा। वह बचकर भागी। मगर कुत्तों ने उसे दबोचकर दोबारा से सड़क पर गिरा दिया। चीख-पुकार सुन मोहल्ले के लोग डंडा लेकर दौड़े तब जाकर उसे किसी तरह छुड़ाया, लेकिन तब तक वह पूरी तरह खून से लथपथ हो चुकी थी। सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे कांशीराम अस्पताल में एडमिट कराया। जहां पर उसके चेहरे पर करीब 17 टांके लगे हैं। इस घटना से आवारा कुत्तों को लेकर इलाके के लोगों में खौफ है। लोगों ने घर से निकलना तक बंद कर दिया है। कानपुर के पॉश एरिया में भी कुत्तों का आतंक
पॉश इलाके भी कुत्तों के आतंक से दूर नहीं हैं। तिलक नगर आर्य नगर, स्वरूप नगर, दर्शनपुरवा, रामबाग, मरियमपुर, रामकृष्ण नगर, गांधी नगर, जवाहर नगर, ईदगाह, फेथफुलगंज, छपेड़ा पुलिया, परेड चौराहा, परमट, नमक फैक्ट्री चौराहा आदि क्षेत्रों में कुत्तों का आतंक है। ………………………. ये खबर भी पढ़िए- कानपुर में दोगुना हुआ डॉग बाइट का ग्राफ:कुत्तों ने बीते 5 साल में 45,027 को काटा; सड़क पर 1.25 लाख स्ट्रीट डॉग घूम रहे कानपुर में डॉग बाइट का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। कुत्ते इस कदर हिंसक होते जा रहे हैं कि अपने ही मालिक की जान ले रहे हैं। सिर्फ मोहिनी त्रिवेदी की जान कुत्ते ने नहीं ली। इससे पहले 26 मई 2024 को भी स्ट्रीट डॉग ने एक बच्ची को नोचकर मार डाला था। जबकि एक अन्य को घायल कर दिया था। मौजूदा समय में करीब सवा लाख आवारा कुत्ते कानपुर की सड़कों पर घूम रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर