CM आवास के पास पहुंचकर चिल्लाया- मैंने जहर खाया:पुलिस हॉस्पिटल ले गई, बुलंदशहर से आया था

लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास से करीब 100 कदम दूर एक युवक ने जहर खा लिया। पुलिस को देखते हुए वह चिल्लाया कि उसने जहर खा लिया। पुलिसकर्मी युवक को लड़खड़ाता देखकर घबरा गए। तुरंत सिविल हॉस्पिटल ले गए। वहां उसे एडमिट कराया गया। डॉक्टरों ने उसका ट्रीटमेंट शुरू किया। युवक की पहचान बुलंदशहर के अजय के रूप में हुई है। उसने ऐसा क्यों किया, पुलिस इसकी जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी की भी जांच की जा रही है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि वह बिजली विभाग से परेशान था। मजबूर होकर उसने जहर खाया। घटना शुक्रवार सुबह ​​​​​लामार्ट्स चौराहे की है।
ट्रांसफॉर्मर फूंका तो विभाग ने ठीक नहीं कराया
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अजय बुलंदशहर के कोतवाली इलाके का रहने वाला है। उसने बताया कि 2014 में आटा चक्की लगाई थी। कुछ महीने पहले ट्रांसफॉर्मर फूंक गया। उसने विभाग से शिकायत की तो ट्रांसफॉर्मर बदला दिया, लेकिन नया ट्रांसफॉर्मर एक घंटा भी नहीं चल पाया। दोबारा ट्रांसफॉर्मर फूंका तो बिजली विभाग के अफसरों ने अब तक ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला। वह बार-बार विभाग के चक्कर काट रहा है। इसके बावजूद उसका काम नहीं हो पा रहा है। विभाग के कर्मचारी उससे खर्चा मांग रहे हैं। सीएम से शिकायत करने आया था
सूत्रों के मुताबिक, अजय ने बताया कि बिजली विभाग के अफसर ट्रांसफॉर्मर ठीक कराने के लिए के लिए 70% खर्चा मांग रहे हैं। बिजली विभाग की तरफ से एक एस्टीमेट बनाया गया, जिसमें अजय कुमार से कहा गया कि ट्रांसफॉर्मर ठीक करने का 70% भुगतान आपको करना होगा। तभी नया ट्रांसफॉर्मर लग पाएगा। इससे आहत होकर शुक्रवार सुबह लखनऊ वह सीएम से जनता दरबार में मिलने के लिए आया था। बाहर लामार्ट्स चौराहे के पास खुद उसने पुलिस को बताया कि जहर खा लिया है। तभी मौके पर मौजूद QRT की टीम उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंची और भर्ती कराया। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…