लखनऊ के रेलवे हॉस्पिटल में भीषण आग:12 से ज्यादा मरीजों को सुरक्षित निकाला, सर्वर रूम में हुआ शॉर्ट सर्किट

लखनऊ में आलमबाग स्थित रेलवे हॉस्पिटल में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते अस्पताल में धुआं भर गया। लोगों का दम घुटने लगा। मरीजों और अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। तुरंत ही क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) वार्ड में भर्ती 12 से अधिक मरीजों को बाहर निकालकर दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट की वजह से सोमवार तड़के 5 बजे के करीब भूतल पर बने सर्वर रूम से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। सीसीटीवी और सर्वर उपकरणों में लगी वायरिंग आग की चपेट में आ गई, जिससे धुआं पूरे ग्राउंड फ्लोर में फैल गया। अस्पताल में फायर अलार्म बजने लगे। अस्पताल कर्मियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से राहत-बचाव कार्य शुरू किया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। CCU वार्ड के मरीजों को तुरंत किया गया शिफ्ट
धुएं के कारण CCU वार्ड में मरीजों के लिए सांस लेना मुश्किल हो गया। नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों ने तुरंत ही मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के जरिए बाहर सुरक्षित निकाला। उन्हें अस्थायी रूप से दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। ऑक्सीजन सपोर्ट और मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फायर अधिकारियों के मुताबिक, सर्वर रूम की वायरिंग पूरी तरह जलकर खाक हो गई है। समय रहते राहत कार्य शुरू हो जाने से कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई। फायर यूनिट की तीन गाड़ियां से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। फायर विभाग के अधिकारियों ने प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। सीसीटीवी और सर्वर रूम में कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और तारें एक साथ लगी थीं, जिससे ओवरलोडिंग की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने दिए जांच के आदेश अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है। मंडलीय रेलवे चिकित्सालय प्रबंधन ने कहा है कि हादसे के कारणों की तकनीकी जांच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। अस्पताल परिसर में मचा हड़कंप, मरीजों में डर का माहौल अचानक धुआं और लपटें उठने से अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग घबराहट में बाहर की ओर भागे। हालांकि पुलिस और दमकलकर्मियों की तत्परता से हालात पर जल्द काबू पा लिया गया। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है। खबर अपडेट की जा रही है…