बिहार में अखिलेश यादव बोले- नीतीश कुमार चुनावी दूल्हा:भाजपा उनको सीएम नहीं बनाएगी; इनकी एक P टीम भी काम कर रही

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव में प्रचार करने बिहार पहुंचे। उन्होंने महागठबंधन के समर्थन में दरभंगा के बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। हालांकि, अखिलेश की 2 रैलियां खराब मौसम के चलते स्थगित हो गईं। बहादुर पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि बारिश और तूफान की परवाह न करते हुए यहां पहुंचा हूं। हालांकि, बिहार में सपा ने अपने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं। फिर भी महागठबंधन के प्रत्याशियों का प्रचार करने अखिलेश वहां गए हैं। अखिलेश यादव ने नीतीश का नाम लिए बिना कहा कि वे भी जानते हैं कि अब वे मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। वे सिर्फ चुनावी दूल्हा हैं, इसलिए सिर्फ दूसरों को माला पहना रहे हैं। आप लोगों ने देखा होगा कि महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश में जिन्हें लेकर चुनाव लड़ा, उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाया, बिहार में भी ऐसा ही होने वाला है। आज महंगाई चरम पर है। इसके लिए सिर्फ बीजेपी जिम्मेदार है। चुनाव पास आया है तो लोगों को नौकरी बांटने की बात कर रहे हैं। अरे, इतने सालों से आप लोग कर क्या रहे थे? गरीब परिवार आज सोना नहीं खरीद पाएगा। हमारी बहन-बेटी की शादी हो तो कोई सोने का कुछ खरीद पाएगा। इसके लिए भाजपा जिम्मेदार है। भाजपा की ए, बी और भी कई टीम है, इनसे मिथिला के लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। अखिलेश यादव ने प्रशांत किशोर का नाम लिए बिना कहा कि भाजपा की एक ‘पी’ टीम भी है। अब पढ़िए अखिलेश की कही बड़ी बातें भाजपा केवल इस्तेमाल करना जानती है
अखिलेश ने भाजपा को ‘इस्तेमाली पार्टी’ करार दिया। कहा- ये लोग केवल इस्तेमाल करना जानते हैं। उसके बाद लोगों को बर्बाद कर देते हैं। अखिलेश ने चुनावी मुख्यमंत्री के चेहरे पर कटाक्ष किया। कहा- उन्हें पता है कि उनके गले में माला नहीं पड़ेगी। इसलिए वे हर किसी के गले में माला डाल रहे हैं। महाराष्ट्र में जिसके चेहरे पर चुनाव लड़ा, उसे मुख्यमंत्री नहीं बनाया। मध्य प्रदेश में जिसके चेहरे पर चुनाव लड़ा, उसे मुख्यमंत्री नहीं बनाया। अब बिहार में भी जिसके चेहरे पर चुनाव लड़ रहे, उसे मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे। जीएसटी किसने लगाया, महंगाई किसने बढ़ाई
अखिलेश यादव ने महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि जीएसटी लगाया किसने? महंगाई बढ़ाई किसने? पेट्रोल-डीजल महंगा है, सोने की कीमत आसमान छू रही। शादी में छोटी चीज भी नहीं दे पा रहे। डॉलर ऊपर, रुपया नीचे- इसका जिम्मेदार कौन है? बिहार के फैसले का पूरा देश इंतजार कर रहा
अखिलेश ने कहा- बिहार की जनता इस बार भाजपा का ‘पलायन’ कराने जा रही है। इस बार बिहार की जनता भाजपा का पलायन कराएगी। रैली में उमड़ी भीड़ देखकर अखिलेश ने दावा किया कि पूरा देश बिहार के फैसले का इंतजार कर रहा है। मोदी जिसको मित्र बताते थे, उसने रोजगार छीना
उन्होंने इंडिया गठबंधन को अग्निवीर योजना के खिलाफ बताया। कहा- 10 साल दिल्ली में भाजपा की सरकार होने के बावजूद नौकरियां नहीं दीं। अखिलेश ने पीएम मोदी का नाम लिए बिना कहा कि ट्रंप को मित्र बताते थे, लेकिन उसने लोगों का रोजगार छीन लिया। अमेरिका और दुनिया के कई देश हमारे खिलाफ खड़े हैं। पाबंदियां लगा रहे हैं, कारोबार रोक रहे हैं। तेजस्वी यादव नौकरी देने वाले नेता
अखिलेश ने तेजस्वी यादव को सम्मान की नौकरी देने वाला नेता बताया। कहा- ये नौकरी बनाम भाजपा का चुनाव है। एक ओर मजदूरी की टोकरी, दूसरी ओर तेजस्वी का सम्मान। अखिलेश ने कहा- तेजस्वी ने प्रण लिया है कि हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी मिलेगी। माताओं-बहनों को 2500 रुपए महीना मिलेगा और जीविका समूह को 30 हजार रुपए दिए जाएंगे। बिहार के लोगों को 200 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। भाजपा यूपी में हारी, अब मगध में हारेगी
अखिलेश ने यूपी चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि यूपी में भाजपा सांप्रदायिकता फैला रही थी, लेकिन यूपी ने अवध में उसे हराया। अब मगध में भी हार होगी। उन्होंने कहा कि बिहार सांप्रदायिकता को हमेशा हराता रहा है। हिंदू-मुस्लिम, सिख-ईसाई सब मिलकर देश मजबूत बनाते हैं। अखिलेश ने बिहार के चुनाव को भविष्य बनाने वाला चुनाव बताया। उन्होंने कहा कि यहां की जीत दिल्ली की सरकार हिला देगी। ———————- ये खबर भी पढ़ें… आजम बोले- मैच दोबारा होगा, मैं बल्लेबाजी करूंगा:बदले में यकीन नहीं रखता हूं, टोपी जेब में रखने वाले मुसलमान नहीं सपा नेता आजम खान ने कहा- जेल से रिहा होने के बाद मैं भले ही शांत दिख रहा हूं, लेकिन अब भी भीतर वही पुराना राजनीतिक जोश जिंदा है। मैं बदले में यकीन नहीं रखता, इंसाफ में रखता हूं। बस सेहत की थोड़ी कमजोरी है। वरना जब मैच दोबारा शुरू होगा, तो मैं फिर बल्लेबाजी करूंगा। पढ़ें पूरी खबर…