बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अर्नब’ से यूपी का मौसम बिगड़ हुआ है। 40 घंटे से 50 से ज्यादा जिलों में बारिश हो रही है। कभी तेज बारिश तो कभी बूंदाबांदी हो रही है। 50 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं भी चल रही हैं। बारिश से प्रदेश में 8 डिग्री से ज्यादा तापमान कम हो गया है। लखनऊ में सड़कें तालाब बन गई हैं। गाड़ियां रेंगती नजर आईं। अमेठी में पुलिस जगह-जगह अनाउंस कर रही है कि जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं से फसलें गिर गई हैं। खेतों में पानी भर गया है। गोरखपुर समेत 32 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। राहत आयुक्त ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है- नदी के किनारों से दूर रहें। भारी बारिश को देखते हुए आज 11 जिलों में 8वीं तक और 25 जिलों में 12वीं तक स्कूल बंद रहेंगे। लखनऊ, सुल्तानपुर और शामली में सभी यूनिवर्सिटी, स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। सीएम योगी ने कहा- तेज बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान बेवजह घर से बाहर न निकलें। अपना और अपनों का ख्याल रखें। सरकार हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ी है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से उठे इस चक्रवाती तूफान की वजह से यूपी, बिहार, एमपी और आसपास के राज्यों में मौसमी गतिविधियां तेज हुई हैं। इसका असर 27 सितंबर तक रहेगा। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 71.6 मिमी बारिश बलरामपुर में हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 52 जिलों में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बारिश की तस्वीरें देखिए… वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया- मानसून अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। राजस्थान और पश्चिमी हिस्सों से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन बाकी जगहों पर यह अभी भी सक्रिय है। अगले 4 दिनों में दिन का तापमान 5 से 8 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम में ठंडक बढ़ जाएगी। आज कहां-कहां बारिश का अलर्ट, देखिए इन 32 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट। आपके शहर में मौसम कैसा है, कब तक बारिश का अलर्ट है और बाढ़ के हालात कैसे हैं? जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…