अखिलेश दुबे का गुर्गा कहने पर CO ऋषिकांत का VIDEO:बोले- मैं सिर्फ लीगल एडवाइज लेता था, मेरे खिलाफ शिकायत करने वाले खुद गैंगस्टर का रिश्तेदार

100 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी की जांच में घिरे CO ऋषिकांत पहली बार सामने आए। 3.30 मिनट के VIDEO में उन्होंने अखिलेश दुबे से अपने संबंधों और 100 करोड़ की प्रॉपर्टी पर जवाब दिया। कहा- मेरे खिलाफ शिकायत करने वाले प्रवीण शुक्ला उर्फ मनोहर खुद एक अपराधी हैं। वो एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर श्री प्रकाश शुक्ला का रिश्तेदार हैं। अखिलेश दुबे को मैं लीगल एडवाइज लेने जाता था। इसके कुछ देर बाद प्रवीण शुक्ला ने एक VIDEO जारी किया। 1.24 मिनट की फुटेज में उन्होंने मोबाइल पर CO ऋषिकांत की तस्वीरें दिखाते हुए उनको झूठा बताया। कहा- मुझे क्रिमिनल बनाने वाला भी तो वही CO है। उसने 100 नहीं, 500 करोड़ की प्रॉपर्टी इकट्‌ठी की है। दरअसल, प्रवीण ने दैनिक भास्कर से कहा था कि CO ने अखिलेश दुबे के दुश्मनों का एनकाउंटर करता था। विजिलेंस जांच में सब सामने आ जाएगा। फिलहाल CO ऋषिकांत को सस्पेंड किया जा चुका है। CO ऋषिकांत ने किन 5 आरोपों के जवाब दिए और उनके खिलाफ शिकायत करने वाले प्रवीण ने क्या आरोप लगाए हैं? इस रिपोर्ट में पढ़िए… अब CO ऋषिकांत की बात आरोप 1. अखिलेश दुबे से संबंध ऋषिकांत कहते हैं- अखिलेश दुबे से मेरे सबंध एक लीगल एडवाइजर और पुलिस अधिकारी के थे। टेक्निकल मामला होने पर मैं लीगल एडवाइज के लिए जाता था। कानपुर पोस्टिंग के बाद उसने कई बार लीगल एडवाइज ली, इस दौरान मेरी अखिलेश दुबे से मुलाकात भी हुई। आरोप 2. बेटे के नाम पर 33 कंपनियां CO आगे कहते हैं- मेरे बेटे के नाम पर 33 कंपनियां बताई जा रही हैं, जोकि सरासर झूठ है। मेरे बेटे के नाम से कोई कंपनी नहीं है। मेरे खिलाफ भ्रामक सूचनाएं फैलाई जा रही है। लोग सिर्फ आरोप लगा रहे हैं, किसी के पास कोई साक्ष्य नहीं है। आरोप 3. CO के दोस्त के पास 92 करोड़ की प्रॉपर्टी CO कहते हैं- मुझे बताया जा रहा है कि आर्यनगर में मेरे दोस्त देवेंद्र द्विवेदी के नाम पर 92 करोड़ की प्रॉपर्टी है, ये बात भी गलत है। मेरी आज देवेंद्र से बात भी हुई थी, ये तो उन्हें भी जानकारी नहीं कि आर्यनगर में उनके नाम पर कोई संपत्ति है। आरोप 4. 100 करोड़ की अवैध प्रॉपर्टी ऋषिकांत कहते हैं- मेरे ऊपर आरोप लगा है कि मेरे पास 100 करोड़ की प्रॉपर्टी है। अखिलेश दुबे के साथ मेरी कंस्ट्रक्शन कंपनी है। उसका 100 करोड़ टर्नओवर है। ये भी गलत जानकारी है। इसके भी जांच में कोई साक्ष्य नहीं मिलेगी। आरोप 5. मनोहर श्री प्रकाश शुक्ला के रिश्तेदार वो कहते हैं- मनोहर शुक्ला, जो मेरे खिलाफ झूठे षड़यंत्र कर रहे हैं, मैंने उनके बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वो माफिया श्री प्रकाश शुक्ला के गांव की तरफ से रिश्तेदारी में आते हैं, वो खुद एक अपराधी है और मुखबिरी भी करता था। इसी की आड़ में मेरे खिलाफ वो षड़यंत्र कर रहा है। इसके पीछे और चेहरे भी हो सकते हैं। बोले- जिन बदमाशों को जेल भेजा, वो साजिश कर रहे STF के कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र सिंह की हत्या करने वाले डी-2 गैंग के शूटर को मैंने कोलकाता से अरेस्ट किया था। शासन ने मुझे 1 लाख रुपए का इनाम दिया था। उसके एक भाई को मैंने दिल्ली से पकड़ा। उस पर 2 लाख रुपए का इनामी था। मैंने कानपुर से डी-2 गैंग को पूरी तरह से खत्म कर दिया था, जो यहां 3 दशक से आतंक फैलाए हुए थे। इसके अलावा मुन्ना बजरंगी के 2 शूटरों का एनकाउंटर किया। कई तस्करों का एनकाउंटर किया। मुझे ऐसा लगता है कि कुछ अपराधी और माफिया गैंग जिनके विरुद्ध मैंने कड़ी कार्रवाई की है, हो सकता है कि वो लोग मेरे खिलाफ साजिश रच रहे हैं। अब CO ऋषिकांत के खिलाफ शिकायत करने वाले प्रवीण शुक्ला उर्फ मनोहर की बात ऋषिकांत का कई साल पार्टनर रहा, वो फंस गए, तो मुझे अपराधी बता रहे
CO ऋषिकांत के बाद प्रवीण शुक्ला उर्फ मनोहर ने भी एक VIDEO सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। लिखा- जो अब तक मेरा पार्टनर था, वो फंस गया, तो मुझे अपराधी बता रहा है… मैं ऋषिकांत शुक्ला का कई साल पुराना पार्टनर हूं। उन्होंने इसके साथ ही अपने मोबाइल में ऋषिकांत और उनके परिवार के साथ अपनी तस्वीरों को दिखाते हुए बताया कि इनके बेटे के तिलक के आयोजन में, मैं दिख रहा हूं, इनके साथ मेरी कई तस्वीरें हैं, लेकिन अब ये बता रहे हैं कि मुझे ये जानते ही नहीं हैं। कार्रवाई होने के बाद अब ये बौखला गए हैं। अब बौखलाहट में कुछ भी बोल रहे हैं। ये मेरी हत्या भी कराने के चक्कर में हैं। मैं अपराधी तो उसने पार्टनरशिप क्यों की
वो आगे कहते हैं- आप समझिए कि मुझे तो अपराधी बनाने वाला भी यहीं हैं। ऋषिकांत 2009 में मेरे साथ मिलकर अलग-अलग प्रॉपर्टी के रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कर रहा है। श्री प्रकाश शुक्ला को मेरा रिश्तेदार बताकर पुलिस को गुमराह कर रहा है। अब ये मुझे अपराधी बता रहा है तो 2009 से मेरे साथ प्रॉपर्टी का कारोबार कैसे कर रहा था। मेरे पास सारे साक्ष्य हैं। 2009 में इसके चाचा, 2022 में इसके बेटे का नाम जोड़कर पार्टनरशिप हुई। अगर मैं अपराधी होता तो ये पार्टनरशिप क्यों कर रहा था? इसके बेटे और परिवार के नाम पर भी प्रॉपर्टी हैं। अब ये मुझे उल्टा अपराधी बता रहा है। मैंने जब इसकी पोल खोल दी, तो ये बौखला गया है। इसकी 100 नहीं, 500 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी हैं। ये क्या बात करेगा भाई…। ……………………. ये भी पढ़ें – ऋषिकांत ने अखिलेश दुबे के इशारे पर 23 एनकाउंटर किए, CO ने 500 करोड़ की प्रॉपर्टी भी बनाई, सिंडिकेट का खुलासा करने वालों का दावा कानपुर के अखिलेश दुबे मामले में CO ऋषिकांत शुक्ला को सस्पेंड कर दिया है। जांच में सामने आया है कि उनके पास 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति के मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, दावा किया जा रहा कि सीओ के पास 500 करोड़ से अधिक संपत्ति है। आखिर जेल में बंद अखिलेश दुबे सिंडीकेट से जुड़कर कानपुर निवासी ऋषिकांत ने कैसे अरबों रुपए का साम्राज्य खड़ा किया? पढ़िए पूरी खबर…