लखनऊ में आजम खान होटल जेमिनी कॉन्टिनेंटल में रुके हुए हैं। उन्होंने मीडिया से कहा कि 50 साल की सियासत के बावजूद लखनऊ में उनकी कोई कोठी नहीं है। गुरुवार को उनसे मिलने उनके बड़े भाई पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी मिलने पहुंचे। इसके साथ ही पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा भी उनसे मिले। इस दौरान मीडिया ने आजम खान से भाई के मिलने और बिहार चुनाव पर सवाल किए। आजम खान ने सारे सवालों के जवाब दिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें भू-माफिया घोषित किया जा रहा है। जबकि, वह रामपुर में जिस मोहल्ले में रहते हैं वहां बरसात में 2 फीट तक पानी भरा रहता है। यूपी की कानून व्यवस्था पर कहा- बहुत अच्छी है। इस पर सवाल मत पूछिए। बिहार में कट्टा को लेकर कहा- हमारे यहां तो कट्टा बेचने वाले का बेटा विधायक बन गया। उसे सुरक्षा भी मिली है। 2 तस्वीरें देखिए… आजम खां की 5 बड़ी बातें… 1- बिहार जंगलराज से मुक्त नहीं इसलिए मैं नहीं गया आजम खान ने बिहार में चुनाव प्रचार न करने जाने पर कहा- बिहार अब भी जंगलराज से मुक्त नहीं हुआ है इसलिए मैं वहां नहीं गया। जंगल में और जंगलराज में वही लोग गए हैं जिनके पास जानवरों के लिए और जंगलों के लिए सक्षम हथियार हैं। मेरे पास कोई सुरक्षा नहीं है लिहाजा मैं उस जंगल तक नहीं गया। वैसे तो यह भी तौहीन है कि हम किसी राज्य को जंगल कहें और वहां रहने वालों को जंगली बताएं। जम्हूरियत में ऐसे अल्फाज की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। 2- हमारे यहां कट्टा बेचने वाले का बेटा विधायक है आजम खां से पूछा गया कि बिहार में कट्टा पर बयान दिए जा रहे हैं। यहां भी कुछ पर आरोप हैं। इस पर आजम बोले- अगर जानकारी है तो बताएं कि कितने बरस कट्टा बिका। हमारे यहां तो कट्टा बेचने वाले का बेटा विधायक हो गया। उसे सेंट्रल गवर्नमेंट से कमांडोज मिले हुए हैं। 1975 में जो कट्टे के ड्रम के साथ गिरफ्तार हुआ, वह खुद विधायक बना और उसका बेटा आज विधायक है। वे वोट छीनकर आए, लूटकर आए। 3- मासूम आदमी की बात को सीरियस नहीं लेता गिरिराज सिंह के बयान पर कहा- बिहार, बिहार है पाकिस्तान नहीं। उन्हें यह सफाई क्यों देनी पड़ रही है? लोगों को बेवकूफ मत समझें कि वे बिहार को पाकिस्तान और पाकिस्तान को बिहार समझेंगे। इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए जिससे लगे कि आप बहुत ही मासूम राय दे रहे हैं। वह मासूम आदमी हैं। मासूमों की बात का बुरा नहीं माना जाता। हमारी उम्र में लोग मासूम हो ही जाते हैं। मैं तो कभी उनकी बात को सीरियस नहीं लेते। अगर उनकी बात का बुरा मानेंगे तो रोज दीवार पर सिर मारेंगे। 4- जो भी सत्ता में आएगा, उसे सलाम करेंगे ‘सरकार एनडीए की बनी तो क्या करेंगे?’ पर कहा कि जो भी आ जाएगा हम उसे सलाम करेंगे। जिसकी भी सत्ता आएगी हम उसे सलाम करेंगे। हम तो दबे हुए, लुटे हुए हैं, हमारा तो सबकुछ मिटा दिया गया है। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के सवाल पर कहा- व्यवस्था की बात मत करिए, बस। व्यवस्था की मत पूछिए। व्यवस्था बहुत अच्छी है। सीतापुर डायरी किताब के सवाल पर कहा- वो तो लिखने वाले से पूछिए। मुझे अंग्रेजी नहीं आती। 5- मैं भू-माफिया कैसे हो सकता हूं? अगर मैं माफिया, भू-माफिया हो सकता हूं तो लखनऊ में भी मेरी जमीन होती। जिसने स्कूल चलाया, यूनिवर्सिटी चलाई, जिसके पास 50 साल की सियासत के बावजूद लखनऊ में एक कोठी नहीं है। रामपुर के उस मोहल्ले में रहता है जहां बरसात में 2 फीट पानी भरा रहता है। जिसके घर में आईटी रेड पड़ी तो साढ़े तीन हजार रुपए नकद और 100 ग्राम सोना मिला, वो माफिया कैसे हो सकता है? दीवारें खोदकर वे लोग आ गए। हम कुछ छिपा भी नहीं सकते थे। सब सामने था। ———————— ये खबर भी पढ़िए… कमांडो ने BJP नेताओं को क्रूज से धक्के देकर उतारा:काशी में पूर्व मेयर का कॉलर पकड़ा तो मंत्री दौड़े; पूर्व सांसद की बहू 2 बार गिरीं काशी में देव दिवाली पर भाजपा नेताओं को धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा। भाजपा के कई नेता CM योगी आदित्यनाथ के क्रूज पर चढ़ना चाहते थे। कमांडो ने भाजपा के 4 पूर्व मेयर समेत कई लोगों को धक्का देकर नीचे उतार दिया। (पूरी खबर पढ़िए)