केशव बोले- अतीक अल्लाह को प्यारे हो गए:डिप्टी CM से सवाल- अतीक के बेटे को बचाने का जिम्मा किस मंत्री ने लिया; नंदी पर थे आरोप

उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी सनसनी उमेश पाल हत्याकांड… इसके बाद यूपी के टॉप माफिया गिरोह IS-227 के सरगना अतीक समेत पूरे कुनबे को नेस्तनाबूत करने को ऑपरेशन चला। अतीक–अशरफ की हत्या हो गई। अतीक के तीसरे नंबर का बेटा असद एनकाउंटर में ढेर हो गया। अतीक अतीत बन गया, लेकिन यूपी राजनीति में उमेश पाल हत्याकांड और अतीक अशरफ हत्याकांड आए दिन चर्चा में ही रहता है। वजह साफ है कि हत्याकांड और उनके बाद के कुछ अनसुलझे पहलू राजनीति गरमा देते हैं। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से शनिवार को सहारनपुर में कुछ तीखे सवाल हुए तो एक बार फिर चर्चा तेज हो गई। असद को एनकाउंटर से बचाने के सवाल पर जब असहज हो गए केशव
असल में उमेश पाल हत्याकांड के बाद आरोप लगे कि उत्तर प्रदेश सरकार के एक मंत्री ने बेटे असद को एनकाउंटर से बचाने और सरेंडर कराने की जिम्मेदारी ली थी। अब सहारनपुर में केशव मौर्य के सामने यही सवाल उठ गया। केशव मौर्य से सवाल हुए कि यूपी सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री जिनका संबंध प्रयागराज से ही है, उन्होंने ये जिम्मेदारी ली थी कि अतीक के बेटे का एनकाउंटर न हो। इस सवाल पर डिप्टी सीएम केशव असहज हो गए। हालांकि, केशव मौर्य ने जवाब देते हुए कहा कि अतीक जैसे अपराधी अल्लाह मियां को प्यारे हो गए। अब उसकी चिंता छोड़िये। जो गड़बड़ करेगा, उसके साथ कुछ भी हो सकता है, जो सही रास्ते पर चलेगा सरकार का उसको सपोर्ट रहेगा। शाइस्ता, आयशा नूरी और जैनब ने मंत्री नंदी पर लगाए थे आरोप
उमेश पाल हत्याकांड के बाद जब पुलिस टीमें तेजी से कार्रवाई कर रहीं थीं तो अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, अतीक की बहन आयशा नूरी और अशरफ की पत्नी जैनब फात्मा सामने आईं थीं। तीनों ने पत्रकारों से बातचीत कर आरोप लगाया था कि अतीक अहमद से मंत्री नंदी ने 5 करोड़ रुपए बिजनेस के लिए थे। अब रुपए मांगने पर वह साजिश रच रहे हैं। बाद में मंत्री नंदी ने जवाब देते हुए कहा था कि यह चंडूखाने जैसी बातें हैं। आरोप पूरी तरह गलत और झूठे हैं। उमेश पाल, फिर अतीक-अशरफ हत्याकांड के बाद से लगातार यह यह मामला उठता रहा है। इस मामले पर प्रयागराज में राजनीतिक दलों के नेता चुटकी लेते रहे हैं। बिखर गया माफिया का कुनबा
यूपी के टॉप गैंग में शुमार अतीक-अशरफ का कुनबा बिखर गया। अतीक और अशरफ की हत्या हो गई। अतीक के तीसरे नंबर के बेटे असद का एनकाउंटर हो गया। अतीक का बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल में बंद है। दूसरे नंबर का बेटा अली नैनी जेल से झांसी जेल भेज दिया गया। चौथे नंबर का बेटा अहजम और सबसे छोटा अबान फिलहाल गुमनाम जिंदगी गुजार रहे हैं। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, अशरफ की पत्नी जैनब फात्मा और अतीक की बहन आयशा नूरी फिलहाल फरार हैं। 3000 करोड़ की संपत्ति कुर्क, जब्त हो गई
अतीक और उसके गैंग की करीब तीन हजार करोड़ की संपत्ति जब्त और कुर्क की गई। कई राज्यों में फैली अतीक और उसके कुनबे की संपत्तियों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई। अतीक गैंग के करीब 1000 लोगों को जेल भेजा गया। ——————— ये खबर भी पढ़िए- धीरेंद्र शास्त्री बोले- शादी तो जरूर करेंगे: जब मुस्लिम डॉक्टर आतंकी निकल रहे, तो देश खतरे में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पदयात्रा वृंदावन पहुंच चुकी है। 10 दिन में 170 किमी की पदयात्रा में 3 बार धीरेंद्र शास्त्री की तबीयत बिगड़ी। वो कहते हैं- राम काज कीन्हें बिनु मोहि कहां विश्राम…। मुझ पर 20 घंटे काम करने का साइड इफेक्ट दिखता है। दिल्ली ब्लॉस्ट पर वो कहते हैं- इस्लामिक भाइयों से कहना चाहता हूं कि उन्हें शिक्षा नीति में बदलाव करने की जरूरत है, ताकि कोई डॉक्टर आतंकवादी न निकले। पढ़ें पूरी खबर…