प्रयागराज में आज 19 नवंबर को 40वीं अखिल भारतीय इंदिरा मैराथन चल रही है। महिला और पुरुष धावक पूरे जोश के साथ दौड़ रहे हैं। बुधवार सुबह हल्की-हल्की ठंड के बीच 6.30 बजे मैराथन की शुरुआत हुई। धावकों को देखने के लिए लोगों की अच्छी भीड़ सड़कों पर दिखाई दी। दौड़ 42.195 किलोमीटर की होगी। इसमें 509 से ज्यादा धावक एक साथ दौड़ लगा रहे हैं। मैराथन में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब फिनिशिंग प्वाइंट पर पहुंचते ही विब नंबर 142 का धावक बेहोश हो गया। मेडिकल की टीम इलाज में जुट गईं। वहीं, महिलाओं की मैराथन के रिजल्ट भी आने लगे। पूर्व चैंपियन हरियाणा की रेनू ( विब नंबर 753) पहले नंबर पर आईं। महाराष्ट्र की अश्विनी मदन जाधव (विब नंबर 750) दूसरे और 6 बार की चैंपियन महाराष्ट्र की ही ज्योति शंकरराव गवते ( विब नंबर 752) तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुषों में प्रयागराज के रोहित सरोज अभी भी सबसे आगे दौड़ रहे हैं। करीब 50 प्वाइंट से धावकों पर निगरानी रखी जा रही है। मैराथन दौड़ में प्रथम पुरस्कार 2 लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार एक लाख रुपए और तृतीय पुरस्कार 75 हजार रुपए है। इसके अलावा 11 प्रतिभागियों को 10-10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इतना ही पुरस्कार महिला धावकों के लिए भी होगा। 3 तस्वीरें देखिए… मैराथन दौड़ के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए..