आजमगढ़ में महिला की मौत, अखिलेश ने की मदद:पति को एक लाख कैश दिया; DM से कहा- आप भी मदद कीजिए

आजमगढ़ में मंगलवार को परिवहन निगम की बस की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। इससे आक्रोशित गांववालों ने आजमगढ़-मऊ हाईवे पर शव रखकर सड़क पर जाम लगा दिया। इस जाम में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव भी फंस गए। वह करीब 40 मिनट तक जाम में फंसे रहे। इस बीच अखिलेश ने डीएम को फोन करके मुआवजा दिलाने की मांग की। साथ ही महिला के परिवार की खुद भी 1 लाख की मदद की। घटना मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मऊ बॉर्डर पर हरैया चट्टी की है। मंगलवार को अखिलेश, पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को श्रद्धांजलि देने मऊ जा रहे थे। तभी रास्ते में जाम में फंस गए। अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरी खबर आजमगढ़ जिले के बस्ती ग्राम की रहने वाली लाल मुन्नी (50) पत्नी जोखन राम मंगलवार को घर से दवा लेने के लिए हरैया चट्टी बाजार गई थी। दवा लेने के बाद वह रोड क्रॉस कर रही थी। इस बीच आजमगढ़ से मऊ जा रही रोडवेज बस की चपेट में आ गईं। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला के परिजन और गांववाले जब मौके पर पहुंचे तो मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली की पुलिस शव को ऑटो में लादकर ले जा रही थी। इससे लोग आक्रोशित हो उठे और ऑटो का पीछा करने लगे। करीब 2 किलोमीटर जाने के बाद लोगों ने ऑटो को रोक लिया। फिर से हरैया चट्टी पर ले लाए। 40 मिनट तक जाम में फंसे रहे अखिलेश
लोगों ने बीच सड़क पर शव रखकर आजमगढ़-मऊ सड़क को जाम कर दिया। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, अपने दिवंगत विधायक सुधाकर सिंह के घर घोसी जा रहे थे। सड़क जाम होने की वजह से वह 40 मिनट तक जाम में फंसे रहे। उन्होंने ने जिलाधिकारी आजमगढ़ रविंद्र कुमार से बात कर पीड़ित घरवालों को मुआवजा दिलाने की बात की। अब पढ़िए अखिलेश यादव और डीएम के बीच बातचीत अखिलेश- हेलो DM साहब हाईवे पर एक्सीडेंट हुआ है, बेचारे किसान की पत्नी मर गई। डीएम- हां सर, जाम क्लियर करा रहे हैं। अखिलेश- जाम को छोड़िए, एक व्यक्ति की मौत हो गई। सरकार क्या मदद करेगी? आप सीएम राहत कोष से मदद कराइए। बाकी मैं कुछ मदद करता हूं। आप भेज दीजिएगा। सरकार मदद करे न करे, मैं तो कर ही रहा हूं। अखिलेश ने कहा- जो हमसे होगा, वह मदद हम करेंगे। पार्टी से भी मदद करा देंगे। दो लाख हम पार्टी से मदद करा देंगे। अखिलेश ने महिला के पति से कहा- रोडवेज पर केस करना। बाद में रोडवेज की मदद हो जाएगी, वह भी इनको मिल जाएगी। अखिलेश ने मृतका के पति से कहा- ड्राइवर से समझौता मत करना। तुम्हारी पत्नी गई है, लौटेगी नहीं। 5 लाख डीएम साहब दिलवा देंगे। 2 लाख हम पार्टी से दिलवा देंगे। पुलिस ने हमसे कहा कि उधर से चले जाओ, लेकिन हमने कहा- मैं इधर से ही जाऊंगा। एक लाख की मदद की
इसके बाद अखिलेश ने मृतका के पति जोखन राम को एक लाख रुपए का लिफाफा दिया। फिर अखिलेश घोसी के सांसद राजीव राय और सपा कार्यकर्ताओं के साथ सुधाकर सिंह के घर रवाना हो गए। पढ़िए अखिलेश ने सुधाकर सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद क्या कहा? सपा विधायक सुधाकर सिंह का 20 नवंबर को निधन हो गया था। आज (मंगलवार) सपा प्रमुख अखिलेश यादव उन्हें श्रद्धांजलि देने उनके घर गए। परिवारवालों को सांत्वना दी। इसके बाद अखिलेश ने कहा कफ सिरप मामले को लेकर भाजपा पर हमला बोला। 1- खांसी में कफ सिरप नहीं पीना, गुड़-सोंठ खा लेना
अखिलेश ने कहा- मैं कहूंगा कि अगर कभी किसी को खांसी हो तो देसी दवा- गुड़-सोंठ, अदरक, लौंग, काली मिर्च का इस्तेमाल कर लेना। जो कफ सिरप भाजपा सरकार के समय में आ रहा है, उनसे बचना चाहिए। इसलिए बचना चाहिए, क्योंकि कुछ लोग इससे मुनाफा कमा रहे। अभी स्कीम चल रही थी- वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया। यह ODP नहीं, OM है- वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया। अब ऐसा कोई जिला नहीं बचा, जहां गांजा न पकड़ा जा रहा हो। कभी 5 किलो, कभी 10 किलो…। कभी 15 लाख तो कभी 20 लाख का गांजा पकड़ा जा रहा। अब कफ सिरप का चलन बढ़ गया है। सुनने में आया है कि यह खांसी से ज्यादा नशे में इस्तेमाल हो रहा था। अगर यह नशे में इस्तेमाल हो रहा था, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन लोग हैं? कफ सिरप को बिकवाने में कौन जिम्मेदार है? 2- भाजपा नाकामी छिपाने के लिए SIR करा रही
2022 का चुनाव जब समाजवादी पार्टी हारी, तभी आप-हम लोगों ने मिलकर चुनाव आयोग पर आरोप लगाया था कि जानबूझकर हमारे वोट काटे गए। नतीजा यह हुआ कि हमारी सरकार नहीं बन पाई। इधर वोट में गड़बड़ी, वोट में हेराफेरी, वोटर लिस्ट में वोटों की चोरी ये सब बातें जनता के बीच फैल गईं। अब मजबूरी में इन्हें SIR करवाना पड़ रहा। SIR अपनी नाकामी और कमियां छिपाने के लिए कराया जा रहा। अच्छी बात यह है कि SIR में हम भागीदारी कर रहे हैं। हमारे PDA प्रहरी बनकर वोटर लिस्ट को ठीक कर रहे हैं। मतदाता अपने आसपास के लोगों के साथ मिलकर वोटर लिस्ट सही करें, अपना वोट बचाएं। 3- अब आधार किसी काम का नहीं बचा
अखिलेश यादव ने आधार को लेकर कहा- सरकार ने खुद कहा था कि आधार हमारी पहचान का कार्ड होगा। हम रजिस्ट्री कराने जाएं, बैंक अकाउंट खोलें, किसी पॉलिसी से जुड़ें, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं, हर जगह सरकार आधार को मानती थी। लेकिन, अब आधार किसी काम का नहीं बचा। यह सारा षड्यंत्र इसलिए है, क्योंकि सरकार सच्चाई से डरती है। हर आंकड़े में हेराफेरी करती है। हम मजबूती से काम करेंगे। यह बात लोकसभा में रखेंगे कि किस तरह भाजपा बेईमानी पर उतर आई है। 4- 20 हजार वोट काटने की तैयारी है
घोसी उपचुनाव के उम्मीदवार घोषित करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी लोगों से बातचीत होगी। जिस तरह इनके पिता जनता की सेवा करते रहे, उसी दिशा में ये भी सेवा करते रहेंगे। SIR के सवाल पर उन्होंने कहा कि बीजेपी ने पहले ही तैयारी कर ली थी कि 20 हजार वोट काटने हैं। SIR के आने से पहले ही उनकी योजना तैयार थी। ——————— ये खबर भी पढ़ें…. BJP नेत्री के फ्लैट में सेक्स-रैकेट, 9 लड़कियां पकड़ी गईं:किराए पर दिया था, काशी से लोकसभा का चुनाव लड़ चुकीं वाराणसी में भाजपा नेत्री शालिनी यादव के फ्लैट से सेक्स रैकेट पकड़ा गया। सोमवार रात पुलिस ने छापेमारी कर 9 लड़कियों और 4 लड़कों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि यहां स्पा सेंटर के नाम पर जिस्मफरोशी हो रही थी। ये फ्लैट शालिनी के पति अरुण यादव के नाम पर है। उन्होंने इसे किराए पर दे रखा था। पढ़ें पूरी खबर…