लोकबंधु अस्पताल में ऑन ड्यूटी महिला कर्मी की अचानक मौत:लखनऊ में वॉशरूम में बिगड़ी तबीयत, CPR देने के बाद भी नहीं बची जान

लखनऊ में 4 दिन में अचानक से मौत होने का दूसरा मामला सामने आया है। सोमवार दोपहर बाद राजनारायण लोकबंधु अस्पताल की ऑन ड्यूटी आउटसोर्स महिला स्टाफ की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। हार्टअटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, डॉक्टरों के मुताबिक बिना डेथ ऑडिट के मौत का सही कारण बताना संभव नहीं है। महिला की पहचान सफाई कर्मचारी किरन देवी (45) के रूप में हुई है। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। वॉशरूम में अचानक तबीयत बिगड़ी लोकबंधु अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि दोपहर बाद 2 बजे से महिला स्टाफ की ड्यूटी थी। सोमवार को समय से वो अस्पताल आ गई थी। इस दौरान अपना शुरुआती काम करके वह वॉशरूम गई, जहां अचानक उसकी कंडीशन बिगड़ गई। तत्काल उसे इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने अटेंड किया। तेजी से उसकी हालत बिगड़ रही थी। CPR दिया गया। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। हार्ट अटैक के चलते मौत होने के सवाल पर उन्होंने बताया कि फिलहाल अभी इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत का असल कारण पता चल सकेगा।