यूपी की बड़ी खबरें:UP में 5 IAS के ट्रांसफर, चित्रकूट के सीडीओ राजेश कुमार यमुना एक्सप्रेस अथॉरिटी के ACEO बने

यूपी सरकार ने शुक्रवार रात पांच आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। चित्रकूट के सीडीओ राजेश कुमार का तबादला यमुना एक्सप्रेस अथॉरिटी का एसीईओ पद पर किया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के उप सचिव देवी प्रसाद पाल का ट्रांसफर चित्रकूट के सीडीओ पद पर किया गया है। उद्यान एव खाद्य प्रसंकरण विभाग की विशेष सचिव प्रेरणा शर्मा का तबादला औद्योगिक विकास विभाग के विशेष सचिव और इन्वेस्ट यूपी के ACEO पद पर किया है। कृषि उत्पादन आयुक्त के विशेष सचिव टी.के. शिबू को मौजूदा पद के साथ खाद्य प्रसंस्करण विभाग के विभागाध्यक्ष का भी अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। रेशम विभाग के विशेष सचिव देवेंद्र सिंह कुशवाहा को रेशम विभाग के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। बलिया में मंत्री विजय लक्ष्मी बोलीं- ‘ममता ने चोरी-छिपे भर लिया SIR फार्म, अखिलेश के शासन में सिर्फ सैफई का विकास ममता बनर्जी बोल रही हैं कि मैं SIR फार्म नहीं भरूंगी, कोई मेरी नागरिकता छीनकर दिखाए। पर मुझे तो पता चला है कि उन्होंने बहुत पहले ही SIR फार्म ले लिया था और चोरी छिपे भर भी दिया है। बस शो नहीं कर रही हैं। खैर कुछ दिन में तो सब सामने ही आ जाएगा। ममता बनर्जी काफी ओजस्वी-तेजस्वी महिला हैं। समझदार नेता हैं और उन्हें वर्षों की राजनीति का अनुभव है। वे जानती हैं कि जो SIR फार्म नहीं भरेगा, उसका नाम मतदाता सूची से हट जएगा। जो भारत का मतदाता नहीं होगा, फिर वो चुनाव ही नहीं लड़ सकता। ऐसे में ममता बनर्जी जी SIR फार्म न भरने जैसी बेवकूफी नहीं करेंगी। पढ़िए पूरी खबर… सोनभद्र में फर्जी प्रमाणपत्र से छात्रा का MBBS में एडमिशन; खुद को बताया स्वतंत्रता सेनानी की पोती, FIR भदोही की एक छात्रा ने सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए फर्जीवाड़ा किया है। छात्रा ने खुद को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पोती बताकर आश्रित का फर्जी प्रमाण पत्र बनवाया और सोनभद्र के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में प्रवेश ले लिया। प्रपत्र जांच समिति ने इस फर्जीवाड़े का खुलासा किया, जिसके बाद छात्रा का प्रवेश निरस्त कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने छात्रा के खिलाफ सदर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, भदोही के गोपीगंज स्थित जोगिनका गांव की निवासी स्वास्तिका सिंह ने सत्र 2024-25 में एमबीबीएस दाखिले के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था। यह प्रमाण पत्र सत्यापन के लिए भदोही के जिलाधिकारी (डीएम) के पास भेजा गया। पढ़िए पूरी खबर… यूपी में 1700 से अधिक पदों पर सहायक अध्यापक भर्ती, 15 से 20 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित विषय के 29,334 सहायक अध्यापक भर्ती में रिक्त 1700 से अधिक पदों पर चयन प्रक्रिया तेज कर दी है। परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने घोषणा की कि 15 से 20 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के 29 जनवरी 2025 के आदेश के अनुपालन में लिया गया है। अदालत ने निर्देश दिया था कि न्यूनतम कटऑफ से अधिक अंक वाले उन सभी अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो। जिन्होंने 31 दिसंबर 2019 से पहले हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दाखिल की थीं। 2593 ऐसे अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रारूप पर वांछित सूचनाएं भरने को कहा है।पूरी खबर पढ़िए आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में चोर घायल, 3.50 लाख के चोरी के सामान बरामद आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर चोर को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान राजेश कुमार निवासी थाना सिधारी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और करीब 3.50 लाख रुपए से अधिक कीमत के चोरी के सामान बरामद किए हैं। मुठभेड़ उस समय हुई जब चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। लालगंज सर्किल के क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पांडे ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि वह अपने साथियों संदीप कुमार और आदित्य कुमार के साथ मिलकर गिरोह बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। ये आरोपी रात के समय दुकानों और घरों के ताले काटकर चोरी करते थे और सामान को नदी किनारे बोरी में छिपाने के बाद वाहनों से बिक्री के लिए ले जाते थे। गिरफ्तार आरोपी राजेश कुमार के खिलाफ आजमगढ़ के निजामाबाद, रानी की सराय, मुबारकपुर और महानगर थाना क्षेत्रों में कुल 10 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पढ़ें पूरी खबर…
नोएडा के सिनेमा हॉल में दो पक्षों में मारपीट, कुर्सी से उठाया और थप्पड़ मारा नोएडा के गुलशन मॉल में फिल्म देखने आए 2 गुटों के युवकों के बीच मारपीट हो गई। घटना का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिखाई देता है कि सिनेमा हॉल के अंदर ही कुछ युवकों के बीच मारपीट हो रही है। इस दौरान 2 युवकों को कुर्सी से खींचकर उठाया जाता है और कई लोग उन्हें थप्पड़ मारते नजर आते हैं। इसके बाद उन्हें बाहर लेकर जा रहे हैं। वीडियो में गाली-गलौज की आवाजें सुनाई दे रही हैं, वहीं कुछ युवतियों की चीख-पुकार भी सुनाई पड़ती है। यह घटना नोएडा एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के सेक्टर-135 स्थित गुलशन मॉल की बताई जा रही है। पढ़िए पूरी खबर… विधानसभा अध्यक्ष महाना ने विधायकों की बुलाई बैठक; 19 दिसंबर शीतकालीन सत्र यूपी विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर से शुरू होगा। विधान परिषद और विधानसभा सचिवालय की ओर से 19 दिसंबर से सत्र शुरू करने का कार्यक्रम जारी किया गया है। विधानसभा में पहले दिन घोसी विधायक सुधाकर सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। फिर कार्यवाही स्थगित की जाएगी। इससे पहले 18 दिसंबर को सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक होगी। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक होगी, इसमें विधानसभा के सत्र संचालन का एजेंडा तय किया जाएगा। विधानसभा की विधिवत कार्यवाही 22 दिसंबर सोमवार से शुरू होगा, सत्र 24 दिसंबर तक चलने की संभावना है। सरकार की ओर से 22 दिसंबर को वित्तीय वर्ष 2025-26 का दूसरा अनुपूरक बजट भी पेश किया जा सकता है। कर्मचारियों की हड़ताल पर 6 महीने की रोक, योगी सरकार ने एस्मा लागू किया यूपी की योगी सरकार ने बिजली विभाग के कर्मचारियों की संभावित हड़ताल को देखते हुए पूरे राज्य में एस्मा (उत्तर प्रदेश आवश्यक सेवा रखरखाव अधिनियम, 1966) लागू कर दिया है। यह सभी सरकारी विभागों, निगमों और प्राधिकरणों पर 6 महीने के लिए लागू रहेगा। इसके तहत कोई भी सरकारी कर्मचारी हड़ताल नहीं कर सकता है। प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज ने एस्मा लागू करने का आदेश दिया है। इसके तहत, हड़ताल शुरू करने, उसमें भाग लेने या जारी रखने वाले व्यक्ति को 6 महीने तक की जेल या जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है। वहीं, जो कोई जानबूझकर ऐसी हड़ताल को वित्तीय सहायता देता है, उसे 1 साल तक की कैद या जुर्माना या दोनों हो सकता है। दरअसल, एस्मा एक कानून है जो आवश्यक सेवाओं जैसे बिजली, पानी, स्वास्थ्य, परिवहन जैसे विभागों में हड़ताल या काम बंदी को रोकने के लिए बनाया गया है। यह आमतौर पर 6 महीने के लिए लागू किया जाता है। जरूरत पड़ने पर इसे बढ़ाया जा सकता है। इससे पहले जून में सरकार ने 6 महीने के लिए एस्मा लगाया था। अब इसकी अवधि फिर से बढ़ा दी है। फर्रुखाबाद में डंपर ने महिला शिक्षामित्र को कुचला, ड्यूटी पर जा रही थी, हाईवे पर मांस के टुकड़े बिखरे फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर डंपर ने स्कूटी सवार शिक्षामित्र को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना बघार के पास हुई। मृतक की पहचान फर्रुखाबाद शहर के एसएआर कोल्ड के निकट निवासी अर्चना (38) के रूप में हुई है। अर्चना मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थीं और स्कूटी से अपनी ड्यूटी पर जा रही थीं। पढ़ें पूरी खबर…