यूपी में 3 दिन पड़ेगी भीषण ठंड, चेतावनी-बेवजह न निकलें:35 जिलों में कोहरा, सड़कों पर सन्नाटा, योगी ने कंबल बांटे

यूपी में अब पहाड़ों जैसी ठंड पड़ रही है। इससे अभी राहत मिलने वाली नहीं है, क्योंकि मौसम विभाग ने तीन दिनों तक भीषण ठंड का अलर्ट जारी किया है। लोगों से बेवजह घर से न निकलने की सलाह दी है। कहा- जरूरी हो, तभी यात्रा करें। अगले दो दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट के आसार हैं। ऐसे में धूप के दर्शन भी मुश्किल से होंगे। आज सुबह से कानपुर, गोरखपुर समेत 35 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। 10 मीटर दूर तक कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। गोरखपुर, वाराणसी और लखनऊ रेलवे स्टेशनों से 50 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। फ्लाइट पर भी कोहरे का असर पड़ा है। 10 फ्लाइटें देरी से चल रही हैं। प्रदेश में हरदोई सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 6.4 डिग्री के साथ अलीगढ़ दूसरे और 6.9 डिग्री के साथ आगरा तीसरे नंबर पर रहा। यूपी सरकार अलर्ट मोड पर है। सीएम योगी ने खुद वाराणसी के टाउन हॉल में बने रैन बसेरे का दौरा किया। वहां लोगों को खाना और कंबल बांटे। सीएम ने अफसरों को भी फील्ड में उतरने को कहा है। उन्होंने कहा- अफसर जमीनी हकीकत का जायजा लें और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव और कंबलों की व्यवस्था कराएं। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ भी गुजर चुका है। जब विक्षोभ पास होता है तो तापमान में थोड़ा उछाल आता है, लेकिन उसके बाद गिरावट होती है। ऐसे में अब एक बार फिर ठंड बढ़ेगी। ​​​​​​मौसम की तस्वीरें- जनवरी में कैसा रहेगा मौसम? आपके शहर में आज मौसम कैसा है, अगले एक हफ्ते मौसम कैसा रहेगा? जानने के लिए स्क्रोल करिए…