संभल में बुलडोजर एक्शन से पहले खुद मस्जिद तोड़ी:रातभर तोड़ते रहे; अफसर बोले- भगवान ने सद्बुद्धि दी, जो खुद हटा ली

संभल में बुलडोजर एक्शन से पहले लोगों ने खुद ही मस्जिद तोड़ डाली। रातभर हथौड़े और छेनी से मस्जिद को ढहा दिया। सुबह जब प्रशासन की टीम पहुंची, तो वहां मस्जिद की जगह मलबा पड़ा हुआ था। यह देखकर तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा- भगवान ने इन लोगों को सद्बुद्धि दी कि इन्होंने खुद-ब-खुद अवैध निर्माण को तोड़ लिया। अब बुलडोजर से मलबा हटाने में प्रशासन की टीम जुटी हुई है। मस्जिद 439 वर्ग मीटर (0.27 बीघा) क्षेत्र में बनी थी। अब यह जमीन गरीबों को पट्टा दी जाएगी। मामला थाना ऐंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र के सलेमपुर सलार उर्फ हाजीपुर गांव का है। तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 14 जून 2018 को लेखपाल ने रिपोर्ट दी थी कि हाजी शमीम ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर मस्जिद का निर्माण कराया। इसी रिपोर्ट के आधार पर तहसीलदार न्यायालय में ग्राम सभा बनाम हाजी शमीम मुतवल्ली के नाम से मामला दर्ज कर सुनवाई की गई। कोर्ट से काफी पहले ही मस्जिद हटाने का आदेश दिया जा चुका था। मस्जिद के मौलाना (मुतवल्ली )पर 8.78 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया था। इसके बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। अवैध निर्माण हटाने के लिए 2 तहसीलदार, एक सीओ, 6 कानूनगो और 24 लेखपालों की टीम गठित की गई। आज नोटिस की आखिरी तारीख थी। आज मस्जिद ढहाई जानी थी, लेकिन जब प्रशासन बुलडोजर लेकर पहुंचा तो देखा कि मस्जिद का अवैध निर्माण पहले ही पूरी तरह से तोड़ा जा चुका है। तस्वीरें देखिए… अवैध मस्जिद को तोड़ने से जुड़े हर अपडेट्स के लिए नीचे पढ़ सकते हैं…