बरेली में मंगलवार सुबह एक महिला का शव फंदे से लटका हुआ मिला। उसके पूरे शरीर पर बेल्ट से पीटे जाने के निशान थे। 3 साल के बेटे ने बताया कि मम्मी को पापा-चाचा और दादी ने बेल्ट से बहुत पीटा। वह जब बेहोश हो गईं तो उन्हें फंदे पर लटका दिया। मायके वालों की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। महिला की मां ने बताया कि दामाद ने फोन पर बेटी की हत्या करने की धमकी दी थी। घटना बारादरी क्षेत्र के कटरा चांद खां गांव की है। पुलिस ने महिला के पति, देवर और सास को गिरफ्तार कर लिया है। मां बोलीं- जमीन के लालच में बेटी को मार डाला लखीमपुर खीरी के मैंगलगंज की रहने वाली अनमोल (24) की शादी 2021 में बरेली के अमनदीप के साथ हुई थी। अनमोल एक रेस्टोरेंट में जॉब करती थी। जबकि उसका पति अमनदीप मॉल में नौकरी करता है। अनमोल के परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि शादी के शुरुआती 6 महीने तो सब ठीक रहा। इसके बाद बेटी के पति और ससुराल वालों ने छोटी-छोटी बात पर अनमोल के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। मां संतोष कुमारी ने बताया- मैंने अपनी बेटी के लिए एक प्लॉट खरीदा था, जिसकी रजिस्ट्री अभी नहीं हुई थी। अनमोल का पति अमनदीप लगातार दबाव बना रहा था कि वह प्लॉट उसके नाम करवा दे। वह चाहता था कि रजिस्ट्री में लगने वाले 35 हजार रुपए का खर्च भी हम लोग ही दें। पति फोन पर बोला- आज तेरी हत्या कर दूंगा अनमोल की मां संतोष कुमारी ने बताया- सोमवार शाम करीब 7 बजे बेटी को अमनदीप ने बेटी को फोन किया। उसे तुरंत घर आने को कहा। अनमोल ने थोड़ा वक्त लगने की बात कही। इस पर दामाद ने उसे धमकी देते हुए कहा- आज तेरी हत्या कर दूंगा। बेटी ने फोन करके मुझे इस बारे में जानकारी दी। मैंने उसे समझाया कि तुम्हारा पति है वो ऐसा कुछ नहीं करेगा। अनमोल ने दिल्ली में अपनी मौसी को भी फोन करके पूरी बात बताई। उन्होंने भी मुझे फोन करके इस बारे में पूछा था। मैंने बेटी को फोन करके कहा कि ससुराल मत जाना। नेवादा में चाचा रहते हैं, वहां चली जाओ। मैंने अपने देवर को भी फोन करके बेटी के रेस्टोरेंट का पता दिया। तभी बेटी ने फोन पर बताया कि पति पहले ही रेस्टोरेंट पहुंच गया है। इस पर मैंने कहा कि ठीक है, फिर उसके साथ घर चली जाओ। बेटी ने कॉल की, फिर फोन ऑफ हो गया मां संतोष कुमारी ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात 11 बजे बेटी ने आखिरी बार कॉल की। वह रोते हुए बोली कि मम्मी घर आ जाओ। इसके बाद उसका फोन छीनकर स्विच ऑफ कर दिया गया। इसके बाद मंगलवार सुबह दामाद ने फोन किया करके बोला कि तुम लोग घर आ जाओ। जब मैंने पूछा ऐसा क्या हुआ है तो बोला अनमोल आईसीयू में भर्ती है। हम लोग अपने घर से जब यहां पहुंचे तो बेटी मृत मिली। उसके शरीर के बेल्टों से मारने के निशान हैं। मारने के बाद उसे फंदे से लटकाया गया। इंस्पेक्टर बारादरी विजेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह हैंगिग मिली है। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर बाकी एंगल पर भी जांच की जा रही है। —————– यह खबर भी पढ़ें… मां-बाप ने बच्चा ढाई लाख में बेचा, दादी ने बचाया:आगरा में व्यापारी से डील हुई, 2 दिन पहले पैदा हुआ था आगरा में एक मां ने अपने दो दिन के नवजात बच्चे का सौदा कर दिया। बच्चे की कीमत ढाई लाख रुपए तय की गई। एक व्यापारी उसे लेने के लिए अस्पताल भी पहुंच गया, लेकिन दादी और बुआ को इसकी भनक लग गई। पढ़ें पूरी खबर…