रामपुर में चलती ट्रेन में 7 लाख की लूट:बदमाशों ने गन दिखाकर छीने रुपए, हवाई फायरिंग करते हुए कूदकर भागे

रामपुर में चलती ट्रेन में दिनदहाड़े बदमाशों ने गन प्वाइंट पर एक व्यापारी के कर्मचारियों से लगभग 7 लाख रुपए लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। यह घटना बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई। स्थानीय रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पहले आनंदनगर के मझरे के पास तीन बदमाश ट्रेन में चढ़ गए। उन्होंने दोनों कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लिया और उनसे लगभग 7 लाख रुपये लूट लिए। लूट के बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और ट्रेन की गति धीमी होते ही कूदकर भाग गए। देखें 3 तस्वीरें… उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित सिंह कॉलोनी निवासी मंदीप सिंह की स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। उनके कर्मचारी ऋतिक मंडल और साहब सिंह बुधवार सुबह करीब 10 बजे दुकान की नगदी लेकर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ितों ने अपने व्यापारी और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद रुद्रपुर और रामपुर की जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) तथा आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ की, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। जीआरपी प्रभारी ईश्वर चंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। आरपीएफ अधिकारी शिखा मलिक भी मौके पर पहुंचकर जांच कर रही हैं। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। खबर अपडेट की जा रही है…