यूपी के 26 जिलों में लू का अलर्ट:प्रदेश के स्कूलों की टाइमिंग बदली, भीषण गर्मी के बीच सरकार का फैसला

यूपी में भीषण गर्मी के बीच योगी सरकार ने 8वीं तक के परिषद स्कूलों की टाइमिंग बदल दी है। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने कहा, 8वीं तक के स्कूल सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक चलेंगे। बच्चों की छुट्‌टी दोपहर 12.30 बजे हो जाएगी। मदरसों में इसी टाइमिंग पर छुट्टी होगी। शिक्षक दोपहर डेढ़ बजे तक स्कूल में रहेंगे। निदेशक ने कहा है कि निजी स्कूलों में क्लासेस कब तक चलेंगी, यह फैसला प्रबंध समिति ले सकती है। अभी तक स्कूलों का समय सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक था। लखनऊ के डीएम विशाख जी अय्यर ने बताया, लखनऊ के निजी स्कूलों में समय बदलने का आदेश मंगलवार को जारी किया जाएगा। यूपी में 5 दिन लू चलने की चेतावनी, बाघ के लिए कूलर लगे सोमवार को ज्यादातर जिलों में सुबह से तेज धूप निकली। 27 जिलों का तापमान 40°C या इससे ज्यादा पहुंच गया। प्रयागराज, वाराणसी और बहराइच में गर्म तेज हवाएं चलीं। बाराबंकी, सुल्तानपुर, शाहजहांपुर और हरदोई में उमस रही। दिन में सड़कों पर सन्नाटा दिखा। जरूरी काम से बाहर निकले लोग छातों और गमछों से बचते नजर आए। मौसम विभाग (IMD) आज यानी मंगलवार को बुंदेलखंड के इलाके समेत 26 जिलों में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। बताया कि रात के तापमान में भी बढ़ोत्तरी होगी। योगी ने ‘X’ पर चिट्‌ठी लिखकर लोगों से अपना ख्याल रखने की अपील की। कहा- बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें। सूती या खादी के ढीले कपड़े पहनें। कानपुर चिड़ियाघर में बाघ के लिए कूलर लगाए गए। भालू कीचड़ में लोटकर गर्मी से राहत पाने की कोशिश करता दिखा। पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रयागराज सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.6°C दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी 20°C तक पहुंच गया। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- महाराष्ट्र के आसपास बने एंटी-साइक्लोन के असर से अगले 4-5 दिनों के दौरान तापमान में 2-3°C की बढ़ोतरी होगी। अधिकांश जिलों का तापमान 45°C या इससे पार पहुंचेगा। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है। फिलहाल अप्रैल के बचे दिनों में गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम की तस्वीरें-