यूपी में दरोगा भर्ती लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी:फाइनल आंसर KEY भी दी; 12 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी पास

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने यूपी पुलिस उप-निरीक्षक (SI) भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही भर्ती बोर्ड ने परीक्षा की अंतिम उत्तर कुंजी भी जारी कर दी है। भर्ती बोर्ड की ओर से जारी परिणाम के अनुसार कुल 12,333 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया है। अब चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से गुजरना होगा। लिखित परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थी काफी समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और अंतिम उत्तर कुंजी देख सकते हैं। क्लिक कर यहां देखें रिजल्ट की पूरी लिस्ट… अंतिम उत्तर कुंजी भी जारी
भर्ती बोर्ड ने रिजल्ट के साथ फाइनल आंसर-की भी प्रकाशित की है। अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों की समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की गई। इसी के आधार पर लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया है। रिजल्ट देखने के लिए अभ्यर्थियों को बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर उम्मीदवार अपना परिणाम देख सकेंगे। परिणाम जारी होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी वेबसाइट पर विजिट कर रहे हैं। ऐसे में सर्वर पर लोड बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है। भर्ती बोर्ड ने जानकारी दी है कि लिखित परीक्षा में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों को अब अगले चरण की प्रक्रिया से गुजरना होगा। चयन प्रक्रिया के तहत अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) का आयोजन मई महीने के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित किया गया है। इसमें अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। साथ ही उम्मीदवारों की लंबाई, सीना और अन्य शारीरिक मानकों की भी जांच होगी। अब होंगे अगले चरण के टेस्ट
लिखित परीक्षा में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों को अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होना होगा। इसमें दस्तावेजों की जांच के साथ शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। भर्ती बोर्ड ने कहा है कि अगले चरण की तिथि और विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। खबर अपडेट की जा रही है…