आगरा में नकली खल बनाने वाले 5 लोग पकड़े:खल में पत्थर पीसकर मिलकर बाजार में बेचते थे, दो आरोपी फरार

आगरा में नकली खल बनाने वाले गैंग के 5 सदस्य पकडे़, खल में पत्थर पीसकर मिलकर बाजार में बेचते थे। आगरा में अवैध रूप से खल (पशु आहार) बनाने वाले गिरोह को पुलिस ने पकड़ा है। ये लोग खल में पत्थर पीस कर मिला रहे थे। पुलिस टीम ने छापेमारी कर मौके से भारी मात्रा में खल और अन्य सामग्री बरामद की है। एसीपी ताज सुरक्षा मयंक तिवारी ने बताया कि 18 मई को थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि ग्राम लाकावली में एक मकान में अवैध रूप से पत्थर मिलाकर खल तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और अवैध खल बनाने वाले 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 32 बोरी पत्थर, 40 बोरी बिना मिश्रित खल, 11 बोरी मिश्रित खल, 19 खाली बोरी, करीब 500 किलोग्राम मिश्रण (पत्थर पाउडर व खल) समेत कई उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा स्प्रे मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पैकिंग मशीन, धागा रील, बेलचा और प्लास्टिक का तिरपाल भी बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में हरिओम, आकाश, नरेन्द्र, सूरज और दिलशाद शामिल हैं, जो सभी थाना एकता क्षेत्र के गांव लकावली के रहने वाले हैं। वहीं इस मामले में दो अन्य वांछित अभियुक्तों मदन और सुंदर पाल की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह पशुओं के लिए बनाए जाने वाले खल में पत्थर पाउडर मिलाकर उसे बेच रहा था, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।