गाजियाबाद मेयर ने मांस ले जा रहे बच्चों को पकड़ा:बोलीं- योगी राज में ऐसा नहीं चलेगा; इन्हें छोड़ा तो थाना सस्पेंड कराऊंगी

गाजियाबाद में मेयर सुनीता दयाल ने 14-15 साल के दो बच्चों को पकड़ लिया। दोनों एक साइकिल पर प्लास्टिक की बोरी में मांस ले जा रहे थे। मेयर ने दोनों को डांट लगाते हुए कहा- योगी राज में तुम गाय का मांस हिंडन नदी में फेंककर चल दोगे। ऐसा नहीं चलेगा। इसके बाद दोनों बच्चे सहम गए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। मेयर के साथ पुलिस के गनर और अन्य लोग भी थे। मेयर की सूचना पर पुलिस पहुंची। उसने मौके पर जानकारी जुटाई और मांस की जांच कराने की बात कही। साथ ही एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मौके से जाते समय मेयर ने पुलिस अफसरों से कहा- अगर इन्हें छोड़ा, तो थाना सस्पेंड करा दूंगी। मामला रविवार दोपहर इंदिरापुरम क्षेत्र का है। 3 तस्वीरें देखिए… विस्तार से पूरा मामला पढ़िए… गाजियाबाद की मेयर सुनीता दयाल रविवार दोपहर कनावनी से लौट रही थीं। रास्ते में उन्हें कूड़े का ढेर दिखा। मेयर ने बताया- मैं यह चेक करने के लिए मौके पर रुकी कि नगर निगम की ओर से घर-घर से कूड़ा उठवाया जाता है। इसके बाद भी यहां कौन कूड़ा फेंक रहा है? मेयर ने बताया- इसी दौरान 2 बच्चे एक साइकिल पर बोरी रखकर आते दिखे। उनसे बात की गई, तो वे पास के ही एक मदरसे के छात्र निकले। उनमें से एक की उम्र 14 साल और दूसरे की 15 साल है। पूछने पर उन बच्चों ने बताया कि वे कनावनी में मदरसे में पढ़ते हैं। वहीं से यह बोरी दी गई है। इसे हिंडन नदी के पास फेंकने जा रहे हैं। इस पर मेयर भड़क गईं। उन्होंने कहा- ऐसा कैसे चलेगा? योगी राज में हिंडन नदी में गोमांस फेंकोगे, तो कार्रवाई होगी। उसके बाद मेयर ने उन बच्चों से मदरसे और उसके मैनेजमेंट से जुड़ी बातें पूछीं। मेयर के साथ के लोग भी बच्चों से उनका और मदरसे का नाम पूछते दिखे। मेयर के साथ आए लोगों ने वीडियो बनाया इस दौरान मेयर के साथ जो लोग थे, उन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया। इसमें वो लोग दोनों बच्चों से सवाल करते हुए दिख रहे हैं। बच्चों से कहते हैं कि किसका मांस है? इस पर बच्चे चुप हो जाते हैं। फिर पूछते हैं कि क्या इसमें गाय का मांस है? दोनों बच्चे फिर से खामोश रहते हैं। वीडियो बनाने वाले लोग फिर कहते हैं कि क्या इसमें गाय का मांस है, तो बच्चे हां बोलते हैं। इसी बीच मेयर की सूचना पर पुलिस पहुंची। मेयर ने पूरा घटनाक्रम बताया कि यह पहले बकरे का बता रहे थे, अब बता रहे हैं कि बोरी में गोमांस है। इनके मदरसे के हेड को पकड़िए। यह बहुत बड़ा विषय है। बख्शा नहीं जाना चाहिए। इनका वीडियो बन गया है। इन्होंने बताया है कि इसमें गाय का मांस है। मेयर ने कहा- हम नदी साफ करवाने में लगे हैं, ये मीट डालकर जाएंगे। ऐसा नहीं चलेगा। मेयर ने कहा कि मदरसे में पढ़ना सिखाते हैं या गलत काम सिखाया जाता है। मदरसे को भी सील कराया जाएगा। मदरसे की आड़ में यह गलत काम हो रहा है। छोडूंगी नहीं, इस मदरसे वाले को। इस मदरसे में मैंने ताला नहीं लगवाया, तो बताना। इसी देश का खाएंगे, यहीं गंदगी करेंगे। एसीपी बोले- मांस का परीक्षण कराया जा रहा एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया- 2 नाबालिग लड़के एक साइकिल पर प्लास्टिक की बोरी रखकर ले जा रहे थे। महापौर सुनीता दयाल ने दोनों को रोक लिया। बोरे में जो मांस था, उसकी जांच कराई जा रही है। इसे कहां से इसे लाया गया, इसकी भी जांच की जा रही है। दोनों नाबलिग हैं। ऐसे में उनके परिवार और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही। जांच के बाद ही पता चलेगा कि मांस प्रतिबंधित मवेशी का है या नहीं। एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
—————————– ये खबर भी पढ़ें… ‘रील बनाने से रोकने पर गाली दी, मोटी कहा’, काशी में इंफ्लुएंसर को पीटने वाली छात्राएं बोलीं- वह नकल से टॉप करती है ‘वैष्णवी ने हमें गाली दी और मोटी कहा। वह बाल खींचकर वहां से भाग गई। हमने जो किया वह एक्शन पर रिएक्शन था। लोगों ने आधी वीडियो देखी है। उन्हें पूरी वीडियो देखनी चाहिए। वह दो बार की टॉपर है, लेकिन नकल से पास होती है। ये कहना है वाराणसी की छात्रा ऐश्वर्या सिंह और प्राची पांडेय का। पढ़िए पूरी खबर