‘इंस्टाग्राम से अभिषेक ने मेरा नंबर लिया। इसके बाद जूम के जरिए जोड़ लिया। अभिषेक से इतना प्रभावित हो गई कि पश्चिम बंगाल से आकर मथुरा में रहने लगी। एक दिन अभिषेक ने बोला कि तुम्हारे साथ गलत करूंगा तो क्या कर लोगी।’ यह कहना है IIT पास साधु अभिषेक मिश्रा की शिकार दूसरी पीड़िता कविता का (बदला नाम)। कविता को धीरे-धीरे पता चला कि मथुरा के थाना गोवर्धन क्षेत्र के राधाकुंड में रह रहे साधु भेषधारी ने कई युवतियों के साथ यौन शोषण किया है। आरोपी खुद को भगवान कृष्ण का रूप बताता और कहता उसके सपने में राधारानी आती हैं। इसके बाद वह युवतियों का ब्रेनवॉश करता और फिर उनका शारीरिक शोषण करता। आरोपी के संपर्क में 12 से ज्यादा युवक-युवती थे। दैनिक भास्कर ने पीड़ित युवक-युवती से बातचीत की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पहले मामले को सिलसिलेवार पढ़िए… मथुरा में रेप के आरोप में IIT पास इंजीनियर अभिषेक मिश्रा (29) को गिरफ्तार किया गया। साधु बनने के बाद उसने अपना नाम बदलकर आदिकर्ता नारायण दास रख लिया था। 22 साल की पीड़िता छत्तीसगढ़ की रहने वाली है और बीएससी नर्सिंग की छात्रा है। उसने बताया कि अभिषेक मिश्रा ने प्रसाद के नाम पर नशीला दूध पिलाया, फिर रेप करके फोटो-वीडियो बनाए। ब्लैकमेल करने लगा और 5 लाख रुपए मांगे। न देने पर वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी दी। 25 मई को छात्रा ने मथुरा SSP से शिकायत की। उसी दिन थाने में केस दर्ज हुआ। 1 जून को आरोपी को राधाकुंड स्थित उसके मकान से पकड़ा गया। उसके साथ दो युवतियों और एक लड़के को भी पकड़ा गया। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से 12 से ज्यादा युवक-युवतियों के अश्लील फोटो मिले हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि वह यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन प्रवचन देता था। इसके बाद कई लोग उसके प्रभाव में आकर उससे संपर्क करते थे। शुरुआत में वह लोगों से ज्ञान और धर्म की बातें करता, लेकिन उसके टारगेट पर पढ़ी-लिखी, अमीर और बड़ी कंपनियों में जॉब करने वाली युवतियां रहतीं। अब दूसरी पीड़िता की पूरी बात पढ़िए… कविता बोली- इंस्टाग्राम और यूट्यूब से जोड़ा पीड़िता ने बताया कि इंस्टाग्राम और यूट्यूब से अभिषेक ने नंबर लिया। इसके बाद जूम के जरिए जोड़ लिया। जूम पर प्रवचन, भगवद गीता लाइव करता था। इससे वह अभिषेक से प्रभावित हो गई। एक साल पहले पश्चिम बंगाल से मथुरा आ गई। यहां आकर राधाकुंड क्षेत्र में एक जगह रहने लगी। कुछ घर की समस्या से परेशान थी। अभिषेक का टेलीग्राम पर मैसेज आया। आप कैसे हो, मैंने कहा- कुछ ठीक नहीं है। इस पर अभिषेक ने कहा- वह जानता है। राधारानी ने सपने में बताया था। इसलिए मैसेज किया। इसके बाद अभिषेक अलग-अलग दिन ऐसा कुछ बताने लगा, जिससे विश्वास बढ़ गया। गुरु बनाया तो गंदी बात की पीड़िता ने कहा- इन घटनाओं के बाद अभिषेक को मेने अपना गुरु बना लिया। अभिषेक के किराए के मकान में आना-जाना हो गया। यहां एक कमरे में लड़कियां और एक कमरे में लड़के रहते थे। कुछ दिन सही चला। धार्मिक कार्यक्रम होते थे। एक दिन उसने मोबाइल पर टेक्स्ट मैसेज किया। लिखा- अगर मैं गलत करूंगा तो क्या करोगी। इस पर मैंने लिखा- पुलिस से कंप्लेन करूंगी। इसके बाद अभिषेक ने मेरा ब्रेनवॉश करना शुरू कर दिया। तब भी बात नहीं बनी तो डराया, धमकाया और परेशान करने लगा। गुरु निष्ठा की बात करने लगा। छत्तीसगढ़ से लड़की को जबरदस्ती ले आया पीड़िता ने बताया- अभिषेक के मकान के पास एक लड़का और एक छत्तीसगढ़ की लड़की रहती थी। अभिषेक ने उसका भी ब्रेनवॉश किया था। 6 महीने पहले जब उसको मम्मी-पापा लेने आए तो लड़की ने हंगामा कर दिया था। जिसके बाद वह चले गए। इसके बाद परिजन लड़की की लगातार काउंसलिंग करते रहे। किसी तरह उसे यहां से ले गए, लेकिन अभिषेक छत्तीसगढ़ गया। लड़की को जबरदस्ती वापस ले आया। अब IIT साधु के सम्पर्क में रहे युवक का बयान पढ़िए… पीड़ित बोला- 12 से ज्यादा युवक-युवती सम्पर्क में थे दैनिक भास्कर ने अभिषेक मिश्रा के शिकार एक युवक से भी बातचीत की। दिल्ली के रहने वाले युवक ने बताया- मैं बी.टेक करने के बाद नौकरी कर रहा था, तभी उसका संपर्क अभिषेक से हुआ और वह गोवर्धन आ गया। अभिषेक के संपर्क में दो दर्जन से अधिक युवक-युवतियां थे। उसने उनका गंधर्व विवाह कराया था, जिसके बाद शोषण शुरू कर दिया। कुछ लड़कियां किसी तरह भागने में सफल रहीं। वह खासतौर पर अच्छी पढ़ी-लिखी और मल्टीनेशनल कंपनियों में काम करने वाली युवतियों को निशाना बनाता था। शोषण करके बाद उनसे पैसे ऐंठता था। वह नेटवर्क बनाकर लड़के-लड़कियों को फंसाता था। लड़कों से पहले गंदर्भ विवाह करा देता और फिर लड़कियों का शोषण करता था। मैं खुद अभी तक 4 लड़कियों से शादी कर चुका हूं। मां को मारा, घर से भगाया पीड़ित युवक ने बताया- अभिषेक की मां ओडिशा सरकार में सरकारी टीचर थीं। रिटायरमेंट के बाद वह मथुरा आकर रहने लगीं और भक्ति करने लगीं। इसी दौरान उन्होंने मकान बनाने के लिए जमीन ली, जहां अभी अभिषेक रह रहा है। उसकी हरकतों को देखकर वह विरोध करने लगीं। इस पर करीब 3 महीने पहले उसने अपनी मां के साथ मारपीट की। उन्हें 4 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरा दिया। इसके बाद वह ओडिशा लौट गईं। पुलिस बोली- 12 युवक-युवतियों का ब्रेनवॉश किया एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया- अभिषेक ने IIT रुड़की से 2017 से 2021 तक पढ़ाई की। इसके बाद मुंबई में एक कंपनी में नौकरी की। फिर 2023 में नौकरी छोड़कर मथुरा आ गया। अभिषेक ऑनलाइन ही लड़के-लड़कियों को फंसाता था। इसने कुछ लड़के-लड़कियों का शारीरिक शोषण किया। उसी में से एक पीड़िता की तहरीर पर मुकद्दमा दर्ज हुआ। जांच के बाद इसे गिरफ्तार किया गया है। मौके से 2 लड़की और एक लड़के को रेस्क्यू किया गया। यह अभी तक 12 युवक-युवतियों का ब्रेनवॉश कर चुका है। …………………….. संबंधित खबर पढ़िए मथुरा में छात्रा से रेप में IIT पास साधु गिरफ्तार:ऑनलाइन प्रवचन करके अमीर लड़कियां फंसाता, मोबाइल में मिले अश्लील वीडियो मथुरा में छात्रा से रेप के आरोप में IIT पास इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है। उसका असली नाम अभिषेक मिश्रा (29) है। साधु बनने के बाद नाम बदलकर आदिकर्ता नारायण दास रख लिया। यहां पढ़ें पूरी खबर