कोरोना महामारी के बाद अब इबोला वायरस ने वैश्विक स्तर पर नई चिंता खड़ी कर दी है। अफ्रीकी देशों डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और युगांडा में संक्रमण के तेजी से फैलने की खबरों के बीच राजधानी लखनऊ में भी स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर आ गया है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि इबोला संक्रमण की आशंका को लेकर एयरपोर्ट पर विशेष स्वास्थ्य टीम तैनात की गई है। विदेश से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग की जाएगी और संदिग्ध लक्षण मिलने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी। आइसोलेशन की व्यवस्था हुई संभावित मरीजों के उपचार और आइसोलेशन की व्यवस्था के तहत लोकबंधु अस्पताल में छह बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दवाएं, सुरक्षा उपकरण और चिकित्सकीय संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ का कहना है कि फिलहाल शहर में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लोकबंधु अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया अस्पताल में 6 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। इलाज के लिए टीम को जारी गाइडलाइन का अनुपालन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई मरीज आता है तो इसकी सूचना तत्काल शासन प्रशासन को दी जाएगी।