मथुरा में लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर भाग रहे एक दबंग और दरोगा के बीच सड़क पर करीब आधे घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। दरोगा ने रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की तो आरोपी भिड़ गया। धक्का-मुक्की करने लगा। ऊंची आवाज में बात कर धमकाने लगा। छीना-झपटी करने लगा। दरोगा बार-बार कहते रहे- ‘बंदूक नीचे रखो, गोली चल जाएगी।’ लेकिन, आरोपी नहीं माना। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू किया। ड्रामा पर्यटकों से खचाखच भरे रहने वाले शहर के पॉश इलाके कृष्णा नगर में हुआ। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। इससे पहले आरोपी ने भूतेश्वर अखाड़े पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी शुक्रवार रात एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार से अखाड़े पहुंचा। कार से उतरते ही फायरिंग कर दी। अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और अखाड़े के पहलवान भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी। इससे पहले कि पुलिस पहुंचती आरोपी अपनी कार छोड़कर भाग निकला। हाथ में पिस्टल लेकर भागते युवक को देखकर डरे-सहमे लोग जान बचाकर छिपने लगे। इस दौरान पीछा कर रही पुलिस ने करीब 1 किलोमीटर दूर उसे पकड़ा। आरोपी के पास से 6 खाली कारतूस के खोखे भी बरामद हुए हैं। पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र में रात 9 बजे की है। 3 तस्वीरें- अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए- बीच सड़क पर पुलिसवालों से भिड़ा, धक्का दिया भूतेश्वर अखाड़े से करीब 1 किलोमीटर दूर कृष्णा नगर क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। आरोपी हाथ में पिस्टल लेकर बीच सड़क खड़ा हो गया। आसपास के लोग दहशत की वजह से चीखने-चिल्लाने लगे। पुलिसवालों ने पिस्टल मांगी तो धमकाने लगा। अकड़ दिखाने लगा। कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार और उपनिरीक्षक मुस्ताक मोहम्मद मेहंदी से छीना-झपटी करने लगा। बाद पुलिस दोनों आरोपी को खींचकर सड़क के किनारे ले गए। सख्ती कर आरोपी से पिस्टल छीनी। तलाशी लेने पर उसके पास से खोखे भी बरामद हुए। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। CCTV फुटेज खंगाल रहे, सभी पहलुओं की जांच होगी कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया- दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई थी। कोतवाल विनोद बाबू मिश्रा ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। —————————- ये खबर भी पढ़िए- पत्नी की हत्याकर जान देने वाले ने 2 लव-मैरिज की:फुफेरी बहन के बाद गर्लफ्रेंड से शादी की, नाराज हुई तो पहली पत्नी को मारी गोली मेरे बेटे ने 5 साल पहले अपनी सगी बुआ की बेटी (फुफेरी बहन) पुख्खन से लव-मैरिज कर ली थी। दोनों को समझाया था, लेकिन वे नहीं माने। तब मंदिर में शादी करा दी थी। सबकुछ ठीक चल रहा था। कुछ दिन बाद बेटे ने दूसरी लड़की से चोरी छिपे लव-मैरिज कर ली। पढ़ें पूरी खबर…