यूपी में 32,679 कॉन्स्टेबल भर्ती-2025 परीक्षा का आज दूसरा दिन है। सभी 75 जिलों में 1183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहली शिफ्ट में परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इसी तरह दूसरी शिफ्ट में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा चलेगी। पहली शिफ्ट के लिए एंट्री सुबह 8 से 9.30 बजे तक होगी। दूसरी शिफ्ट में दोपहर 1 बजे से 2.30 बजे तक एंट्री होगी। पहले दिन सोमवार को दो पालियों में 9.62 लाख अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन 7.23 लाख ही परीक्षा देने पहुंचे। करीब 2.39 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। हापुड़ में एक अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन मिला। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में लापरवाही मिलने पर दो दरोगा समेत 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। गोरखपुर में भी एक अभ्यर्थी मोबाइल के साथ पकड़ा गया। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले लखनऊ के दो और आजमगढ़ के एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इससे पहले, अभ्यर्थियों को कड़ी चेकिंग के बाद एग्जाम हॉल में एंट्री दी गई। एडमिट कार्ड, बायोमेट्रिक मिलान और रेटिना स्कैन किया गया। झांसी में अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतरवाए गए। सहारनपुर में सोने की चेन और चश्मे भी उतरवा लिए गए। जौनपुर में महिलाओं के जूड़े खुलवाकर चेकिंग की गई। कानपुर में जिन अभ्यर्थियों की दाढ़ी और सिर के बाल बड़े थे, उनके बालों और दाढ़ी की भी चेकिंग की गई। वहीं, बाराबंकी में परीक्षा देकर लौट रही एक युवती की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। तीन दिनों (8, 9 और 10 जून) में 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसी बीच, सीएम योगी ने अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में किराए पर 50% छूट का ऐलान किया है। इसके लिए प्रवेश पत्र दिखाना होगा। पहले दिन सोमवार की 3 तस्वीरें देखिए… सिपाही भर्ती के बारे में जानिए फर्जी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए आइरिस स्कैनिंग अनिवार्य उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने फर्जी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए डिजिटल बायोमेट्रिक के साथ आइरिस स्कैनिंग की जाएगी। मेटल डिटेक्टर से अभ्यर्थियों की तलाशी के बाद एंट्री दी जाएगी। सिर्फ एडमिट कार्ड, फोटो पहचान पत्र और बॉलपॉइंट पेन ले जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा परीक्षा के दौरान मोबाइल, ब्लूटूथ और इंटरनेट आधारित किसी भी तरह की एक्टिविटी रोकने के लिए हाई-पावर डिजिटल जैमर लगाए गए हैं। परीक्षा शुरू होते ही केंद्र परिसर में मोबाइल और वाई-फाई नेटवर्क पूरी तरह बाधित हो जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के DIG सत्येंद्र अनिरुद्ध पंकज ने कहा- परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सॉल्वर गैंग से जुड़े मामलों में 7 से 14 साल तक की सजा का प्रावधान है। बार-बार अपराध करने वालों को आजीवन कारावास और करोड़ों रुपए तक के जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और आम लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हेल्पलाइन, ईमेल या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए तत्काल पुलिस को दें। प्रदेश मुख्यालय में कंट्रोल रूम बना, यहीं से निगरानी होगी 1183 परीक्षा केंद्रों पर 30 हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर लगा सीसीटीवी कैमरा उस जिले के कलेक्ट्रेट और प्रदेश मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से जुड़ा रहेगा। सभी परीक्षा केंद्रों में दीवार घड़ी भर्ती बोर्ड की ओर से लगवाई गई है, ताकि अभ्यर्थियों को सही समय की जानकारी हो सके। जिलों के साथ-साथ भर्ती बोर्ड के मुख्यालय पर एक-एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। यह कंट्रोल रूम परीक्षा की निगरानी करेगा। 30 जनवरी तक चली आवेदन प्रक्रिया भर्ती बोर्ड ने 32,679 कांस्टेबल और समकक्ष पदों के लिए 31 दिसंबर 2025 को नोटिफिकेशन जारी किया था। आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 30 जनवरी 2026 तक चली थी। क्या है सिलेबस, कितने नंबरों की होगी परीक्षा? लिखित परीक्षा 300 नंबर की होगी। 2 घंटे में 150 सवाल पूछे जाएंगे। हर एक सवाल 2 नंबर का होगा। नेगेटिव मार्किंग व्यवस्था खत्म कर दी गई है। न्यूनतम पासिंग मार्क्स यानी पास होने के न्यूनतम नंबर भी निर्धारित किए हैं। सिलेबस जानिए लिखित परीक्षा में पास होने वाले कैंडिडेट्स ही फिजिकल टेस्ट में शामिल हो सकेंगे। पुरुषों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में और महिलाओं को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 14 मिनट में पूरी करनी होगी। फाइनल मेरिट में भी लिखित परीक्षा के नंबर जोड़े जाएंगे। हालांकि UPPRPB ने फिजिकल टेस्ट में शामिल होने के लिए लिखित परीक्षा पास करने के न्यूनतम पासिंग मार्क्स निर्धारित किए हैं। अब भर्ती के बारे में जानिए… 31 दिसंबर की शाम योगी सरकार ने 32, 679 पदों पर सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया था। इनमें सिविल पुलिस के अलावा PAC, विशेष सुरक्षा बल यानी SSF, महिला बटालियन, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डर तक के पद शामिल थे। सिविल पुलिस में 10,469 पदों पर महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। जबकि PAC में पुरुषों के लिए 15,131 पद खाली हैं। UP SSF में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 1341 वैकेंसी है। सात स्लाइड्स में देखिए कहां कितने पदों पर भर्ती होगी…