देहरादून में BJP नेता के मर्डर के बाद बवाल:मीडिया-पुलिस पर पथराव; 3 घर-ट्रैक्टर जलाए, हालात काबू करने पहुंची ITBP

देहरादून के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद भड़का बवाल देर शाम तक जारी है। दिन में आरोपियों के घरों और ट्रैक्टर में आगजनी, पथराव और पुलिस लाठीचार्ज की घटनाओं के बाद अब हालात संभालने के लिए आईटीबीपी, पीएसी और भारी पुलिस बल तैनात है। क्षेत्र में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। देहरादून-हरबर्टपुर हाईवे पर कई घंटों से प्रदर्शन जारी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सड़क पर बैठे परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं और उनका कहना है कि कार्रवाई के बाद ही वे धरना समाप्त करेंगे। प्रशासन मुख्य आरोपी की दुकान और बाउंड्री वॉल पर बुलडोजर कार्रवाई कर चुका है। हत्या के मामले में 12 नामजद समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और अब तक 4 आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। तस्वीरें देखिए- 3 पॉइंट में पूरा विवाद… 1. खेत में पानी लगाने और पैसे को लेकर हुआ विवाद- विकासनगर के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में एक विशेष समुदाय के परिवार और पीड़ित परिवार के बीच विवाद चल रहा था। मृतक के पिता के अनुसार, घटना से एक दिन पहले सेटरिंग के 14 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर बातचीत हुई थी। शनिवार शाम को जब उनके बेटे ने पैसे दिए, तो वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों को भड़काया गया। इसी दौरान खेत के कुलावे (ट्यूबवेल) से पानी डालने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। 2. एक की मौत, 3 घायल- हमले में सिर पर हथौड़ा लगने से विनोद कुमार की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद रविवार सुबह इलाके में तैनाव फैल गया। 3. भारी तनाव और PAC- घटना के बाद सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) तैनात कर दी गई है। देहरादून में मर्डर के बाद बवाल से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए लाइव ब्लॉक से गुजर जाइए…