सीएम योगी आदित्यनाथ ने नीट (NEET) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राहत दी है। अभ्यर्थियों को यूपी रोडवेज बसों के किराये में 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। इसके लिए उन्हें प्रवेश पत्र दिखाना होगा। नीट परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी। मंगलवार शाम सीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। सीएम ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को मोहर्रम को लेकर पहले से संवाद करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि यह मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। मोहर्रम के दौरान हथियारों का प्रदर्शन, नई परंपरा शुरू करने, कानफोड़ू डीजे और तेज ढोल-ताशों पर रोक रहेगी। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश की 57 हजार ग्राम पंचायतों और 762 नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी। 20 जून को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। योग दिवस पर अमृत सरोवरों और ऐतिहासिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास होगा। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन और जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में सीएमओ की तैनाती नहीं है, वहां तीन दिन के अंदर नियुक्ति की जाए। बैठक की बड़ी बातें जानिए- 1. मोहर्रम को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश मोहर्रम के दौरान ताजियों की ऊंचाई तय मानकों के अनुसार ही रखनी होगी। 10 से 12 फीट से अधिक ऊंचे ताजियों की अनुमति नहीं दी जाएगी। सीएम ने कहा कि सभी धर्मों और लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाए, लेकिन कानून व्यवस्था से खिलवाड़ या किसी नई परंपरा को शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मोहर्रम के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को कहा कि स्थानीय लोगों से संवाद करें। जुलूसों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं। 2. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेशभर में होंगे बड़े आयोजन सीएम ने योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है। इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का प्रदेशभर में सीधा प्रसारण कराया जाएगा। सभी 58 हजार ग्राम पंचायतों और 762 नगरीय निकायों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्वयंसेवी संस्थाओं, योग संस्थानों, एनसीसी, स्काउट-गाइड और एनएसएस के स्वयंसेवकों को भी जोड़ा जाएगा। 20 जून को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। 3. जनशिकायतों में लापरवाही पर अधिकारियों पर होगी कार्रवाई मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन, जनता दर्शन और आईजीआरएस पोर्टल पर आई शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुछ जिलों में शिकायतों के निस्तारण की स्थिति संतोषजनक नहीं है। ऐसे जिले में जल्द सुधार किया जाए। शिकायतों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। जिन जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) की तैनाती नहीं है, वहां तीन दिन के अंदर नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए। फील्ड में अधिकारियों की तैनाती योग्यता और मेरिट के आधार पर करने को कहा गया। ……………….. ये खबर भी पढ़िए… यूपी में अब 24 जून तक बंद रहेंगे प्राइमरी स्कूल:योगी सरकार ने बदली व्यवस्था; पहले 15 जून तक होती थी छुट्टी योगी सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में गर्मी की छुटि्टयों में बड़ा बदलाव कर दिया है। बेसिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया- अब परिषद और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में हर साल 20 मई से 24 जून तक गर्मी की छुटि्टयां रहेंगी। पहले यह अवकाश 15 जून तक निर्धारित था। पूरी खबर पढ़िए…