राममंदिर चोरी में चंपत राय के इस्तीफे की खबर गलत:गोपाल राव ने खंडन किया, भास्कर से कहा- सब अफवाह, SIT रिपोर्ट का इंतजार कीजिए

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के इस्तीफे की खबर को मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव ने खारिज कर दिया है। गोपाल राव ने गुरुवार को दैनिक भास्कर से कहा कि चंपत राय ने इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने बताया- सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। फिलहाल इस तरह का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। मामले की जांच एसआईटी कर रही है। SIT रिपोर्ट का इंतजार कीजिए। इसके बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। दरअसल, गुरुवार सुबह से सोशल मीडिया पर चंपत राय के इस्तीफे को लेकर दावा किया जा रहा था। कई पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने इसे लेकर X पर पोस्ट किए थे। इसके बाद दैनिक भास्कर ने मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव और विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय महासचिव बजरंग लाल बागड़ा से फोन पर बात की। बजरंग लाल बागड़ा ने भी कहा- चंपत राय से इस्तीफा लेने की बात गलत है। इधर, SIT आज फिर जांच के लिए अयोध्या पहुंच सकती है। आप सांसद संजय सिंह लखनऊ कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराएंगे। उन्होंने खुद वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा- वे चढ़ावा चोरी और जमीन घोटाले से जुड़े सबूत और कागजात सौंपेंगे। राम मंदिर से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…