गोरखपुर में शुक्रवार शाम सीएम योगी ने MLC के अस्पताल का उद्घाटन किया। इस दौरान जब सांसद रवि किशन मंच पर देरी से पहुंचे। तब नेताओं ने मजाकिया अंदाज में कहा कि देर से आने की पेनाल्टी के तौर पर गाना सुनाना होगा। योगी भी मुस्कुराते हुए कहा- सुना दो। इसके बाद रवि किशन ने भोजपुरी में गाया- हे गंगा मइया तोहें पियरी चढ़इबो, सइंया से करा द मिलनवा… महादेव से करा द मिलनवा… महाराजजी से करा द मिलनवा…। गाना सुनकर मंच पर मौजूद लोग तालियां बजाने लगे। MLC सीपी चंद के एस्ट्रोमेडिक्स मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन कर योगी ने कहा- आज सीपी चंद के पिता स्व. मारकंडेय चंद की स्मृति में यह अस्पताल खोला गया है। योगी ने कहा- रविकिशन पूछ रहे थे कि क्या यहां फ्री में इलाज होगा। मैंने कहा कि आप अपनी फिल्म फ्री में दिखाना शुरू कर दें। उसी दिन से इस हॉस्पिटल में भी फ्री इलाज शुरू हो जाएगा। सरकार 5 लाख की सहायता दे रही है। फ्री की नहीं, क्वालिटी की जरूरत है। हर साल सरकार 1200 से 1400 करोड़ रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष से इलाज के लिए दे रही है। योगी बोले- पुरानी सरकारों ने मेडिकल हेल्थ के लिए कुछ भी नहीं किया योगी ने कहा- पूरे प्रदेश में पुरानी सरकारों ने मेडिकल हेल्थ के लिए कुछ भी नहीं किया। हमने लगभग हर जिले में एक-एक मेडिकल कॉलेज दिया है। पहले यहां का बीआरडी मेडिकल कॉलेज खुद बीमार था। तत्कालीन सरकारों की मानसिकता ही बीमार थी। अब इसका कायाकल्प हो चुका है। अच्छी बात है कि अब लोग इस क्षेत्र में निवेश करने लगे हैं। 2005 में जिला अस्पताल में डॉ. डीके गुप्ता हृदय रोग विशेषज्ञ थे और हार्ट अटैक से ही उनकी मृत्यु हो गई थी। क्योंकि यहां एक भी आईसीयू नहीं था। आज मुझे प्रसन्नता है कि गोरखपुर में 2 दर्जन से अधिक हॉस्पिटल ऐसे हैं, जिसमें आईसीयू की अच्छी सुविधा है। पहला 10 बेड का आईसीयू मैंने गोरखनाथ चिकित्सालय में बनवाया था। पहली ब्लड सेपरेटर मशीन लगवाई थी। एस्ट्रोमेडिक्स में भी काफी सुविधाएं हैं। योगी बोले- हमने ODOP दिया, वे हर जिले में एक माफिया पालते थे रविकिशन ठीक कह रहे थे कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम स्वस्थ रहें। दिनचर्या ऐसी होनी चाहिए कि हमें स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। निश्चित ही एस्ट्रोमेडिक्स हेल्थकेयर के क्षेत्र में अच्छा काम करेगा। स्वास्थ्य में विश्वसनीयता सबसे बड़ी बात है। पेशेंट पैसा देना चाहता है, लेकिन वह विश्वास होना चाहिए। उस पर खरा उतरना हॉस्पिटल और डॉक्टर की जिम्मेदारी होती है। हम लोगों ने एक जिले में एक मेडिकल कॉलेज दिया है। वे हर जिले में एक माफिया पालते थे। हर जिले में ओडीओपी दिया है। हर जिले में एक व्यंजन दिया है। गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल के साथ मिलकर संचालन होगा योगी ने कहा- गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल के साथ मिलकर इस अस्पताल का संचालन किया जाएगा। स्व. मारकंडेय चंद जमीन से निकलकर शून्य से शिखर तक यात्रा की। अक्सर होता है कि व्यक्ति जब कुछ बन जाता है तो अपने अतीत को भूल जाता है। मैंने इस बात को देखा कि स्व. मारकंडेय चंद अपने संबंधों को बहुत महत्व देते थे। उसका निर्वहन करते थे। अपने पूरे करियर को दांव पर लगाकर संबंधों का निर्वहन करने को सदैव तत्पर दिखते थे। उनके मन में भाव दिखता था कि कैसे गोरखपुर का, दक्षिणांचल का विकास किया जा सकता है। वह गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त थे। वो किसी भी दल में रहे हों, गोरक्षपीठ के प्रति उनकी निष्ठा बनी रही। भूलकर भी उन्होंने कभी विपरीत शब्द नहीं निकाले। जब वह बसपा सरकार में मंत्री थे। मैं सांसद भी नहीं था। मैं विधान भवन में गया। उनको जानकारी मिली तो वो आए और मुझे अपने चेंबर में लेकर गए। उन्होंने अपनी कुर्सी पर ही तौलिया बिछाकर कहा कि आप यहां बैठिए। उन्होंने कहा कि आप हमारे लिए मंत्री से बढ़कर हैं। मैंने कहा कि आप बसपा से हैं तो उन्होंने कहा कि कहीं से हूं, लेकिन गोरक्ष पीठ से बढ़कर कुछ नहीं है। जानिए कौन हैं MLC सीपी चंद सीपी चंद गोरखपुर-महराजगंज स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र से MLC हैं। वह लगातार दूसरी बार MLC चुने गए हैं। पहली बार सपा के टिकट पर इसी सीट से विधान परिषद के सदस्य चुने गए थे। दोबारा भाजपा के टिकट पर वह MLC चुने गए। 2022 के आंकड़ों के मुताबिक, उनकी संपत्ति लगभग 100 करोड़ रुपए से अधिक है। सीपी चंद पूर्व मंत्री मारकंडेय चंद के पुत्र हैं और उनकी राजनीतिक विरासत संभाल रहे हैं। वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय से कला स्नातक हैं। राजनीति के साथ वह आजीविका के लिए व्यवसाय करते हैं। सीपी चंद इस अस्पताल के प्रबंध समिति के अध्यक्ष हैं। उनके छोटे भाई डा. अरुण चंद एमडी हैं तथा डा. आरती चंद मेडिकल डायरेक्टर हैं। अस्पताल में मिलेंगी ये सुविधाएं फिराक चौराहे से रुस्तमपुर रोड पर एस्ट्रोमेडिक्स मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल बना है। यहां 150 बेड हैं। कैथ लैब/कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, आर्थोपेडिक ज्वाइंट रिप्लेसमेंट, गैस्ट्रो, नेफ्रोलॉजी, पल्मोनरी, पीडियाट्रिक, एनआईसीयू, एडवांस आईसीयू की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही मॉड्युलर ऑपरेशन थियेटर भी यहां बनाया गया है। 24 घंट एंबुलेंस एवं फार्मेसी की सुविधा उपलब्ध होगी। यहां पर एडवांस किडनी ट्रीटमेंट भी हो सकेगा। ——————- ये खबर भी पढ़िए- देवरिया में योगी बोले- रामभक्तों की आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: SIT रिपोर्ट के बाद एक्शन शुरू, दूध का दूध-पानी का पानी करके रहेंगे सीएम योगी ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले मेंरामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 लोगों की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शुक्रवार को देवरिया में कहा- SIT की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई शुरू हो गई है। दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेंगे। जनआस्था के साथ खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है। किसी को छूट नहीं देंगे। पढ़ें पूरी खबर…