अखिलेश बोले- योगी ने अयोध्या जाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया:फिर चढ़ावा चोरी का पता क्यों नहीं चला; दबदबा बनाने के लिए एनकाउंटर किए जा रहे

सपा प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार के आजमगढ़ में थे। यहां उन्होंने कहा कि एनकाउंटर का इस्तेमाल दबदबा बनाने के लिए किया जा रहा है। जिससे प्रदेश की बिगड़ी सुरक्षा व्यवस्था और असली मुद्दों पर बहस न हो सके। कई मामलों में फर्जी एनकाउंटर हुए। कई पुलिसकर्मियों को भी जेल जाना पड़ा है। अखिलेश ने भाजपा पर हमला बोलते हुए राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा भी उठाया। साथ ही SIT रिपोर्ट और ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ पर सरकार को घेरा। 2027 यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है। अखिलेश यादव की कही 5 बड़ी बातें… 1- सरकार को कामकाज का हिसाब देना होगा अखिलेश ने कहा- भाजपा ने प्रदेश में लंबे समय तक सरकार चलाई है, इसलिए अब उसे अपने कामकाज का हिसाब देना होगा। सरकार विकास के आंकड़े गिनाती है, लेकिन महंगाई और बेरोजगारी पर जवाब नहीं देती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दूसरे राज्यों में रोड शो कर रहे हैं, जबकि प्रदेश की जनता सरकार को जवाब देने की तैयारी में है। 2- मुख्यमंत्री ने अयोध्या जाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या जाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। अगर राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की इतनी बड़ी घटना हुई, तो क्या सरकार और उसका सूचना तंत्र इससे अनजान था? प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार और आस्था के साथ हुए खिलवाड़ को जनता देख रही है। 3- भाजपा के लिए धर्म से जरूरी धन राम मंदिर चढ़ावा चोरी में अब तक जो कार्रवाई हुई है, उससे देश की जनता दुखी है। मुख्यमंत्री कह रहे थे कि ‘दूध का दूध पानी का पानी कर देंगे’। हम कह रहे हैं कि चोरी का सोना-चांदी वापस कर दो। भाजपा के लिए धर्म से ज्यादा धन जरूरी है। उनके लिए धन ही धर्म बन गया है। 4- सरकार ने दबाव में आकर SIT बनाई अयोध्या करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। सरकार को दबाव में आकर एसआईटी बनानी पड़ी। एसआईटी की रिपोर्ट किसे सौंपी गई और उसके आधार पर क्या कार्रवाई हुई। सरकार खुद स्वीकार कर रही है कि सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ हुई। ऐसे में यह भी सामने आना चाहिए कि आखिर कितनी धनराशि की हेराफेरी हुई? सच्चाई पूरी तरह जनता के सामने आनी चाहिए। 5- राजभर की बारगेनिंग पावर खत्म होगी अखिलेश ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर की राजनीतिक गतिविधियों का नियंत्रण कहीं और से होता है। भाजपा अच्छी तरह जानती है कि कब किसकी बारगेनिंग पावर खत्म करनी है। सबसे पहले अखिलेश ने उठाया था राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा… कहा था- रुपए गायब होना मंदिर ट्रस्ट के लिए शर्मनाक अखिलेश यादव ने 7 जून को अपने X पोस्ट में लिखा था- पूरी दुनिया में भगवान राम के उपासकों के लिए ये एक बेहद संवेदनशील खबर है। राम मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों रुपए की रकम गायब मिली है। अखिलेश ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और सरकार को भी घेरा था। लिखा था, करोड़ों रुपए गायब होना मंदिर ट्रस्ट के लिए अत्यंत शर्मनाक स्थिति है। कोई भी सफाई देने के लिए सामने नहीं आना चाहता है। सपा अध्यक्ष ने कोर्ट से स्वत: संज्ञान लेने की मांग की थी। कहा था कि इसका सीधा संबंध वैश्विक स्तर पर समस्त सनानती समाज की प्रभु राम में गहरी आस्था से जुड़ा है। सरकार की चुप्पी संदिग्ध है। अखिलेश ने चंपत राय को भी घेरा था अखिलेश ने चंपत राय की सफाई पर भी पलटवार किया था। X पर लिखा था, स्पष्टीकरण ही स्पष्ट नहीं है। लगता है ये इनके लिए हर हफ्ते की साधारण बात है, और इतनी अधिक साधारण है कि ये इसे अब ‘उल्लेखनीय’ भी नहीं मानते हैं। चेहरे के भाव और देह की भाषा हताशा और निराशा से भरी है। ट्रस्ट के सभी सदस्यों को एक साथ बैठाकर स्पष्टीकरण दिया जाए और आंकडों के मिलान के लिए सीसीटीवी के साक्ष्य का सहारा लिया जाए। जैसे ही सारे ट्रस्टी एक साथ बैठेंगे तो सच तत्काल बाहर आ जाएगा, क्योंकि उनमें हर कोई एक जैसा नहीं है। इस हेराफेरी की शंका के केंद्र में जब कोई एक व्यक्ति विशेष है ही नहीं तो फिर किसी एक के स्पष्टीकरण का क्या महत्व है। —————————- यह खबर भी पढ़िए… राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर धीरेंद्र शास्त्री भावुक, बोले-भगवान महादंड देंगे, केजरीवाल को VIP ट्रीटमेंट पर भड़के अजय राय अयोध्या राम मंदिर चोरी पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री भावुक हो गए। इंडोनेशिया के जकार्ता में शुक्रवार को कहा- रावण तो ये भी हैं बस रूप बदल गए हैं। रावण ने तो केवल माता जानकी जी की चोरी की थी। यहां पढ़ें पूरी खबर