यूपी में मानसून सक्रिय, आजमगढ़-बिजनौर में तेज बारिश:सड़कों पर 2 फीट पानी भरा, सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार को बहराइच में सबसे ज्यादा 113 मिमी बारिश दर्ज की गई। बिजनौर में 95 मिमी, ललितपुर में 93 मिमी, बुलंदशहर में 72 मिमी और संभल-हमीरपुर में 65-65 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। आजमगढ़ में दोपहर साढ़े 3 बजे के बाद तेज बारिश हुई। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। लखनऊ में बूंदाबांदी हुई, जबकि बहराइच में शाम 5 बजे जोरदार बारिश हुई। बिजनौर में भारी बारिश से सड़कों पर करीब 2 फीट पानी भर गया। मिर्जापुर में 2 घंटे की बारिश के बाद कचहरी से अंडरपास में पानी भर गया। ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में पानी घुस गया। फतेहपुर में आंधी से ई-रिक्शा पलट गया, वहीं बदायूं में खेतों में पानी भर गया। बारिश की तस्वीरें देखिए- 10 दिन की देरी से मानसून की एंट्री हुई मंगलवार (30 जून) को मानसून ने सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते यूपी में दस्तक दी। इसके असर से पूर्वी यूपी के 20 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून करीब 19 दिनों तक यूपी-बिहार बॉर्डर पर अटका रहा। इस बार मानसून सामान्य समय से करीब 10 दिन की देरी से यूपी पहुंचा है। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया- दक्षिण-पश्चिम मानसून यूपी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। आजमगढ़, अयोध्या और बरेली से होकर गुजर रहा है। अगले 2-3 दिनों में मानसून के यूपी में और आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं। अब पूर्वी और पश्चिमी यूपी में झमाझम बारिश का दौर देखने को मिलेगा। तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट आएगी। आपके शहर में मौसम कैसा है, मानसून कब तक आ सकता है? अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…