यूपी में मानसून की दस्तक, 23-जिलों में बारिश का अलर्ट:15 जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी, अगले 2–3 दिनों में झमाझम बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 15 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय हो जाएगा, जिससे पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। पूरे यूपी में 48-72 घंटे में एक्टिव होगा मानसून
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। फिलहाल मानसून की रेखा आजमगढ़, अयोध्या और बरेली से होकर गुजर रही है। मौसम की वर्तमान परिस्थितियां मानसून के आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह अनुकूल हैं। यदि यही स्थिति बनी रही तो अगले 48 से 72 घंटों के भीतर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मानसून सक्रिय हो जाएगा। उन्होंने बताया कि मानसून के सक्रिय होने के साथ ही बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। तापमान में आएगी बड़ी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की सक्रियता बढ़ने के बाद प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश राहत देगी। दिन और रात दोनों के तापमान में कमी आने की संभावना है। पूर्वांचल के रास्ते यूपी में पहुंचा मानसून
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून सबसे पहले केरल तट से भारत में प्रवेश करता है। इसके बाद यह दो शाखाओं में विभाजित हो जाता है। पहली शाखा अरब सागर के रास्ते केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान की ओर बढ़ती है, जबकि दूसरी शाखा बंगाल की खाड़ी से पश्चिम बंगाल, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर आगे बढ़ती है। पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश
मौसम विभाग ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, महोबा और बांदा में भारी बारिश के साथ भारी वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश
कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, कौशाम्बी, चित्रकूट, प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर और सोनभद्र में भी तेज बारिश होने संभावना जताई गई है। यूपी में जून से सितंबर के बीच 8% बारिश कम होगी
सीनियर साइंटिस्ट अतुल सिंह बताते हैं- इस साल यूपी समेत पूरे देश में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है। आमतौर पर यूपी में जून से सितंबर के बीच करीब 820 से 840 मिलीमीटर बारिश होती है। लेकिन, इस साल 8% कम यानी लगभग 754 से 773 मिलीमीटर तक ही पानी बरसेगा।