यूपी में बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। बिजनौर में मालन नदी उफान पर है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे यहां 2 हादसों में चार लड़के नदी के तेज बहाव में बह गए। एक को बचाया गया है, बाकी की तलाश जारी है। सहारनपुर में भारी बारिश की वजह से कब्रिस्तान की मिट्टी बह गई। कब्रों में दफन शव बहकर बाहर आ गए। मुजफ्फरनगर में नहर ओवरफ्लो होकर टूट गई। खेतों में पानी भर गया। एक सांड बारिश से बचने के लिए दुकान की छत पर चढ़ गया। लोगों ने उसे नीचे उतारा। लखनऊ में भी जोरदार बारिश हुई। इससे सड़कों पर जाम दिखा। वाराणसी-प्रतापगढ़ में गलियों में पानी भर गया। प्रयागराज में जलभराव के चलते कार नाले में घुस गई। हापुड़ के कई इलाकों में 2-2 फीट पानी भर गया। प्रदेश में बीते 24 घंटे में 74 जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। जबकि 48 घंटे में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 4 मौतें गाजियाबाद में हुई हैं। सीएम योगी ने अफसरों को फील्ड में उतरकर पीड़ितों को तुरंत मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया है। मिर्जापुर में गुरुवार को अचानक सड़क धंस गई। जिसमें बाइक सवार पिता समेत 2 बच्चे गाड़ी समेत गड्ढे में समा गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत तीनों को बाहर निकाला। पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। मौसम विभाग ने आज 49 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। खराब मौसम के चलते मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और गाजियाबाद समेत 13 जिलों में 12वीं तक के स्कूल बंद रहे। शनिवार को पूरे प्रदेश में जोरदार बारिश की संभावना है। लोगों को सचेत रहने के लिए कहा है। बारिश की तस्वीरें देखिए- मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी से बना बारिश का सिस्टम अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच गया है। इसका असर यूपी में भी पड़ रहा है। इसलिए प्रदेश में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। प्रदेश में अब तक 27% कम बरसात 24 घंटे में मेरठ के मवाना में सबसे ज्यादा बारिश यूपी में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 315 मिमी बारिश मेरठ के मवाना में रिकॉर्ड की गई। इसके बाद मुजफ्फरनगर के जानसठ में 270.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे पहले, गुरुवार को बिजनौर के नजीबाबाद में रिकॉर्ड 306 मिमी. बारिश हुई। यूपी में मौसम के पल-पल अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….