आगरा में रेलवे अफसर को प्लेटफॉर्म पर घसीटकर पीटने के विरोध में पूरे प्रदेश में प्रदर्शन तेज हो गया है। पीड़ित डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट नरेंद्र चाहर की पत्नी हरेंद्री चाहर ने मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे मीडिया से कहा- अगर दोषी RPF जवानों को बर्खास्त नहीं किया गया, उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई तो मैं जान दे दूंगी। उन्होंने रोते हुए कहा- इतनी बेरहमी से मेरे पति को पीटा गया कि घटना का वीडियो देखा भी नहीं जा रहा है। मैं अपने पति के लिए ऐसा कभी बर्दाश्त नहीं कर सकती। अगर न्याय नहीं मिला, पति का सम्मान वापस नहीं आया तो मैं जान दे दूंगी। इतना कहते हुए वह साड़ी से चेहरा ढककर बिलख पड़ीं। फूट-फूट कर रोने लगीं। DSS नरेंद्र चाहर ने कहा- अगर मैं रिश्वत लेते पकड़ा जाता तो तुरंत जेल में होता। लेकिन, जो कानून को जानते हैं, उन्होंने जानबूझकर अवैध वसूली की, उनके लिए कोई जेल नहीं बनी क्या? क्या वो आज गिरफ्तार हो पाएंगे? या तो वो गिरफ्तार होंगे या रेल चलेगी। मेरा पूरा परिवार पटरी पर बैठा है। इससे पहले सुबह 10.30 बजे से आगरा, मथुरा, झांसी समेत 30 शहरों में रेलकर्मियों ने RPF के खिलाफ प्रदर्शन किया। आगरा में 1000 से ज्यादा रेल कर्मचारी सड़क पर उतर आए। DRM ऑफिस के बाहर RPF जवानों के सामने नारेबाजी की। महिला कर्मचारियों ने भी RPF मुर्दाबाद और हाय-हाय के नारे लगाए। पीड़ित रेलवे अफसर की बहन पटरी पर कूद गई। ट्रेन रोकने की चेतावनी दी। हंगामे की तस्वीरें देखिए- 12 जुलाई को RPF जवानों ने रेलवे अफसर से मारपीट की थी आगरा में रेलवे अफसर से मारपीट के बाद मचे बवाल के अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-