बड़ौत बुढ़ाना मार्ग पर कांवड़ियों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। बुधवार को हरियाणा और राजस्थान से आए श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने शिवालयों की ओर बढ़ रहे थे। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के अत्री गांव निवासी राहुल, अरुण और अंशु 51 लीटर की कांवड़ लेकर यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हरिद्वार से उनके गांव की दूरी 380 किलोमीटर है और वे 11 अगस्त को गांव के शिव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। यह उनकी पहली कांवड़ यात्रा है। इन कांवड़ियों ने बताया कि उन्हें रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। वे पहले भगवान शंकर का जलाभिषेक करेंगे और फिर अपने माता-पिता को स्नान कराएंगे। इसी प्रकार, राजस्थान के ब्यावर निवासी राहुल सामरिया भी पहली बार कांवड़ यात्रा पर हैं। वे हरिद्वार से लगभग 700 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर 5 लीटर गंगाजल लेकर अपने गांव लौट रहे हैं। राहुल महाशिवरात्रि पर अपने गांव के शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से अभिषेक करेंगे। उन्होंने बताया कि परिवार की सुख-शांति और छह वर्षीय बेटी धानी के उज्ज्वल भविष्य एवं खुशहाली की कामना लेकर उन्होंने सात दिन पहले हरिद्वार से कांवड़ उठाई थी। राहुल के मित्र भरत भी उनके साथ पहली बार कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। वे 31 लीटर गंगाजल लेकर अपने गांव पहुंचेंगे और महाशिवरात्रि पर भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। दोनों कांवड़ियों ने बताया कि भोले बाबा की कृपा से उन्हें पूरी यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।