कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में इंजीनियर पति शराब के नशे में पत्नी के शव के पास बैठा मिला। इंजीनियर ने ही पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर बताया कि मेरी पत्नी ने कुछ खा लिया है, जिसके कारण वह अचेत हो गई है। इंजीनियर ने पड़ोसी किराएदारों से कहा कि मेरी पत्नी ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। कमरे में आकर उसका शव नीचे उतरवा दे। इस पर पड़ोसी ने फोन कर मकान मालिक को बुलाया। मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पति-पत्नी के बीच रात में झगड़ा हुआ था। पुलिस घर पहुंची तो महिला ने आपसी मामला बताकर वापस भेज दिया था। महिला के गले पर रस्सी और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, ऐसे में पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। खुद ने कंट्रोल रूम में फोन कर सूचना दी थानाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया- सोमवार सुबह 11:30 बजे शिक्षक कॉलोनी निवासी इंजीनियर धर्मेंद्र सोनी (35) ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर सूचना दी कि उसकी पत्नी दीपिका वर्मा (30) ने कुछ खा लिया है, जिसके कारण वह अचेत हो गई है। सूचना पर टीम के साथ मौके पर पहुंचा तो महिला का शव फर्श पर पड़ा था। पति धर्मेंद्र सोनी उसके पास बैठा था। मैंने अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद नीमराना एडिशनल एसपी सुरेश खींची और डीएसपी सचिन शर्मा मौके पर पहुंचे। थाना अधिकारी ने बताया- दीपिका के परिजनों को भी सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL और मोबाइल फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने कमरे से शराब की बोतल, गिलास सहित अन्य चीजें जब्त की हैं। महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रात में झगड़ा हुआ, पुलिस आई तो घरेलू मामला बताया मकान मालिक जयपाल सिंह ने बताया- धर्मेंद्र सोनी उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के मधुबन का रहने वाला है। वह पत्नी के साथ मेरे मकान में किराए पर रह रहा था। रविवार को रात करीब 9 बजे पड़ोसी किराएदारों ने फोन कर बताया कि धर्मेंद्र और दीपिका के बीच झगड़ा हो रहा है। इस पर मैं और मेरी पत्नी वहां पहुंचे तो धर्मेंद्र नशे में था। उसने पड़ोस में रहने वाले किराएदार की गाड़ी का कांच और कूलर तोड़ दिया। मैंने धर्मेंद्र को समझाया। मामला शांत होने पर घर लौट आए। रात 11 बजे दोबारा पड़ोसी का फोन आया और कहा कि धर्मेंद्र फिर से पत्नी को पीट रहा है और गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर रहा है। इस पर मैं पुलिस को लेकर मकान पर पहुंचा। दीपिका ने इसे पति-पत्नी का आपसी मामला बताते हुए किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस वापस चली गई। सुबह धर्मेंद्र ने पड़ोसी किराएदार से कहा कि दीपिका ने फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। जुड़वा बहन बोली- शक करता था जीजा दीपिका की जुड़वा बहन प्रियंका ने बताया- मैं दिल्ली में पंजाब नेशनल बैंक में जॉब करती हूं। दीपिका पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। 2019 में उसकी शादी धर्मेंद्र सोनी के साथ हुई थी। जीजा धर्मेंद्र शराब पीने का आदी है। वह मेरी बहन पर शक करता था। प्रियंका ने बताया- सोमवार सुबह 7:42 बजे दीपिका का कॉल आया था। वह कुछ घबराई हुई लग रही थी। उसने बताया कि धर्मेंद्र उसे परेशान कर रहा है। इसके बाद धर्मेंद्र ने फोन ले लिया और कहा- आज छुट्टी लेकर आ जाओ और दीपिका को अपने साथ ले जाओ। 2026 से ग्लास फैक्ट्री में कर रहा था काम धर्मेंद्र सोनी केशवाना स्थित एक ग्लास फैक्ट्री में सीनियर इंजीनियर के पद पर काम करता था। जनवरी 2026 से वह यहां काम कर रहा था। कंपनी के जीएम सुनील गोयल ने बताया- धर्मेंद्र ने रविवार को प्लांट से निकलते समय स्टाफ को कहा था कि मैं सोमवार को छुट्टी पर रहूंगा। पत्नी को दिखाने के लिए दिल्ली लेकर जाना है। …. ये खबर भी पढ़ें पत्नी की हत्या कर फंदे पर लटका पति:कहासुनी होने पर गला घोंटा; साली-साढ़ू खेत से घर लौटे तो शव मिले भीलवाड़ा जिले में पत्नी का मर्डर करने के बाद पति ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक अपनी पत्नी के साथ रविवार रात को साढ़ू के घर आया था। दोनों ने रात को साथ खाना खाया, फिर कमरे में सोने चले गए। (पढ़ें पूरी खबर)