सहारनपुर में सड़कें तालाब बनीं, डीएम ऑफिस में पानी भरा:वृंदावन में पीपल का पेड़ गिरा, कारें चकनाचूर; यूपी के 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

यूपी में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सहारनपुर में मंगलवार सुबह 4 बजे जोरदार बारिश हुई। करीब 2 घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद सड़कों पर 2-3 फीट पानी भर गया। डीएम ऑफिस परिसर में घुटनों तक पानी भर गया। पॉश ऑफिसर्स कॉलोनी में भी पानी घुस गया है, जहां जिला जज, कमिश्नर और नगर आयुक्त जैसे बड़े-बड़े अधिकारियों के आवास हैं। इसके अलावा, नगर निगम के बाहर सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया है। कॉलोनियों की गलियां तालाब बन गई हैं। घरों-दुकानों में पानी घुस गया है। नाले ओवरफ्लो हो गए हैं। इधर, अयोध्या और कानपुर समेत 35 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं। आज यूपी के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 50 जिलों में बहुत भारी और 25 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इससे पहले, सोमवार को गोरखपुर और बाराबंकी समेत 25 से ज्यादा शहरों में बारिश हुई। वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास 45 साल पुराना पीपल का पेड़ गिर गया, जिसके नीचे दबकर 2 कारें चकनाचूर हो गईं। रामपुर में घर के बाहर खेल रहे दो बच्चे उफनाते नाले में गिर गए। एक को बचा लिया गया। दूसरे की तलाश जारी है। उधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश की वजह से यूपी की नदियां उफान पर हैं। मऊ के दोहरीघाट इलाके में नहर का तटबंध टूटने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल डूब गई। बलिया में एक प्राइमरी स्कूल सरयू नदी के कटान में समा गया, जबकि लखीमपुर खीरी में नहर से निकले एक मगरमच्छ ने कुत्ते को शिकार बना लिया। 6 तस्वीरें देखिए…
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी रेखा एक बार फिर से यूपी की तरफ बढ़ रही है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी और मजबूत हो रहा है। इस वजह से पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बढ़िया बारिश के आसार बन रहे हैं। 30 जुलाई तक यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम तो कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने और गिरने की भी आशंका है। प्रदेश में आज कहां-कहां बारिश के आसार, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…