बेटे ने फांसी लगाई, सदमे में मां ने जान दी:पिता हरदोई के करोड़पति प्रॉपर्टी डीलर, बड़े बेटे ने भी किया था सुसाइड

हरदोई में मंगलवार को करोड़पति प्रॉपर्टी डीलर के 17 साल के बेटे ने फंदे से लटककर जान दे दी। शाम करीब साढ़े 5 बजे कमरे में बेटे का शव लटका देखकर मां सदमे में आ गईं। 15 मिनट के बाद ही वह भागकर घर की दूसरी मंजिल पर पहुंचीं और नीचे कूदकर उन्होंने भी सुसाइड कर लिया। प्रॉपर्टी डीलर के बड़े बेटे ने भी डेढ़ साल पहले गोली मारकर आत्महत्या की थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों और घरवालों से घटना की जानकारी ली। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना देहात कोतवाली क्षेत्र की है। अब जानिए पूरा मामला… रामप्रकाश गुप्ता पिहानी चुंगी इलाके में परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में उनकी पत्नी गीता गुप्ता और चार बच्चे थे। इनमें दो बेटे और दो बेटियां थीं। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा हिमांशु और दूसरी बेटी की अभी शादी नहीं हुई थी। बेटा हिमांशु (17) सेंट जेवियर्स स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था। रामप्रकाश गुप्ता शहर के बड़े प्रॉपर्टी डीलर्स हैं। उनकी नेटवर्थ लगभग 7 करोड़ रुपए है। करीब डेढ़ साल पहले उनके बड़े बेटे प्रिंस ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। बेटे का शव देखा, 15 मिनट बाद मां ने भी दी जान मंगलवार शाम करीब 5:10 बजे हिमांशु अपने कमरे में गया। कुछ देर बाद उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो मां गीता देवी कमरे में पहुंचीं। वहां बेटे का शव फंदे से लटका देखकर वह चीखने लगीं और बदहवास हो गईं। करीब 15 मिनट बाद वह घर की दूसरी मंजिल पर पहुंचीं और नीचे छलांग लगा दी। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या की वजह की जांच में जुटी एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया- शुरुआती जांच में हिमांशु द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। बेटे की मौत से सदमे में आई मां ने दूसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। हिमांशु ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। ———————– ये खबर भी पढ़ें… ‘मेरा बच्चा कहां है, उसे ले आओ’, नोएडा में 6 साल का बेटा खोने वाली मां का दर्द “मेरा बच्चा कहां है.. कोई मेरे बच्चे को ला दो..” 3 दिन से बस यही रट लगा रही है वो मां, जिसके 6 साल के बेटे आव्यान की नोएडा में 15 फीट गहरे गड्‌ढे में गिरने से मौत हो गई थी। पढ़िए पूरी खबर