अंबेडकर नगर में धान की फसल सूख रही:किसानों ने जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की

अंबेडकर नगर जिले के आलापुर तहसील क्षेत्र में लगातार बारिश न होने से धान की फसल सूख रही है। इससे चिंतित किसानों ने प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार से जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है। खेतों में रोपी गई धान की फसल मुरझाने लगी है और कई स्थानों पर खेतों में दरारें पड़ गई हैं। बारिश के अभाव में खेतों में नमी पूरी तरह समाप्त हो गई है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। जहांगीरगंज, कम्हरिया घाट, हरिहरपुर, उधरनपुर, नेवाड़ी, दूरजपुर, उमरी जलाल और गिरौया बाजार सहित कई गांवों के किसानों ने बताया कि उन्हें मजबूरी में ट्यूबवेल से सिंचाई करनी पड़ रही है। डीजल के बढ़ते दामों के कारण सिंचाई का खर्च किसानों की आर्थिक स्थिति पर भारी पड़ रहा है। किसान गोविंद तिवारी ने बताया कि बड़ी मेहनत से धान की रोपाई की गई थी, लेकिन बारिश न होने से फसल सूख रही है। उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल से लगातार सिंचाई करने में डीजल का खर्च बहुत अधिक आ रहा है, जिसे छोटे और मध्यम किसानों के लिए वहन करना मुश्किल है। अधिवक्ता अजीत यादव, उपेंद्र, सुरेंद्र, राकेश कुमार, दिनेश कुमार, महेश कुमार, प्रमोद और संगम सहित अन्य ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से अंबेडकर नगर जिले को शीघ्र सूखाग्रस्त घोषित कर किसानों को राहत देने की अपील की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो वे एक सप्ताह बाद उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार को तहसील मुख्यालय पहुंचकर सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपेंगे। किसानों की इस मांग को समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने भी समर्थन दिया है। भीमलाल कनौजिया, हेमंत यादव, अश्वनी यादव, इंतखाब आलम, सुरेंद्र कुमार, महेंद्र कुमार और संजय शर्मा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि किसानों की वर्तमान स्थिति गंभीर है। उन्होंने सरकार से तत्काल राहत पैकेज, सिंचाई सहायता और सूखाग्रस्त घोषित करने जैसे कदम उठाने की मांग की।