सावन का आज पहला दिन है। गुरुवार सुबह से ही वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर समेत सभी प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें लगी हैं। काशी में बाबा विश्वनाथ का फूलों से श्रृंगार किया गया। मंगला आरती के बाद से अब तक 50 हजार से अधिक भक्त बाबा के दर्शन कर चुके हैं। सुबह साढ़े 8 बजे सीएम योगी काशी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले काल भैरव के दर्शन कर आरती की। इसके बाद बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया और भस्म चढ़ाई। वह काशी की गलियों में भी घूमे। दुकानदारों से पूछा- “इंतजाम में कोई कमी तो नहीं है? उन्होंने एक दुकान में बैठे बच्चे को दुलारा। उसे चॉकलेट दी। योगी ने अफसरों को निर्देश दिए कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में कोई दिक्कत न हो। बता दें कि पिछले साल की तरह इस बार भी पूरे सावन काशी विश्वनाथ मंदिर में VIP दर्शन पर रोक रहेगी। इधर, प्रदेश की सड़कों और हाईवे पर कांवड़ियों का रेला दिखने लगा है। आज बरेली में कांवड़ यात्रा को लेकर एक अहम बैठक होगी, जिसमें डीजीपी राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव एसपी गोयल और 9 जिलों के डीएम शामिल होंगे। बैठक में नई गाइडलाइन जारी हो सकती हैं। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ की तस्वीरें देखिए… यूपी में सावन के पहले दिन और कांवड़ यात्रा के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…