अतीक के बेटे की मौत के सवाल पर भड़के डिप्टी-सीएम:बोले-एक्सीडेंट रोज होते रहते हैं, ये कौन सी बात है; जेल में रातभर रोया बड़ा भाई

प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद की कब्र के बगल में ही उसके छोटे बेटे अबान (21) को दफनाया जाएगा। कब्रिस्तान में 7 फीट की कब्र खोदी गई है। 70 से ज्यादा पुलिसकर्मी वहां तैनात हैं। बुधवार को प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम केशव मौर्य से अबान की मौत पर पत्रकारों ने सवाल किया तो वह नाराज हो गए। बोले- एक्सीडेंट रोज होते रहते हैं… ये कौन सी बात है। इधर, भाई की मौत का पता चला तो झांसी जेल में बंद अबान का बड़ा भाई अली रातभर सोया नहीं। वह रोता रहा। खाना भी नहीं खाया। अबान का शव शुक्रवार तड़के 4 बजे झांसी से प्रयागराज के हटवा गांव पहुंचा। अतीक का घर टूटने के बाद अबान और उसके भाई यहीं रहते थे। शव पहुंचते ही रिश्तेदार फूट-फूटकर रोने लगे। अबान को कसारी-मसारी के खानदानी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। यहां अतीक, उसके पिता फिरोज अहमद, भाई अशरफ और बेटे असद की कब्रें हैं। अबान के बड़े भाई उमर लखनऊ जेल और अली झांसी जेल में बंद हैं। अहजम ने पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर कहा था- अबान के जनाजे में दोनों भाइयों को शामिल होने की अनुमति दी जाए। दोनों भाइयों ने जनाजे में शामिल होने के लिए हाईकोर्ट में पैरोल अर्जी दाखिल की है। वकील ने दैनिक भास्कर को बताया कि दोपहर बाद अर्जी पर सुनवाई हो सकती है। अनुमति मिलने पर दोनों भाई जनाजे में शामिल हो सकेंगे। अबान की मां शाइस्ता परवीन 2023 से फरार है। वह पति अतीक और बेटे असद के जनाजे में भी शामिल नहीं हुई थी। ऐसे में शाइस्ता अबान के जनाजे में शमिल होगी या नहीं, इसे लेकर सबकी निगाहें टिकी हैं। हादसे के बाद अबान का शव लेने झांसी पहुंचे अहजम ने कहा था- अल्लाह की चीज थी, अल्लाह ने ले ली। 2023 में असद के एनकाउंटर के बाद अतीक के भाई अशरफ ने भी यही बात कही थी। आज की 3 तस्वीरें देखिए कार हादसे में कल हुई थी मौत अबान गुरुवार सुबह चार दोस्तों के साथ क्रेटा कार से झांसी जेल में बंद भाई अली से मिलने प्रयागराज से निकला था। झांसी से 70 किमी पहले हाईवे पर अचानक जानवर आ गया। उसे बचाने के चक्कर में कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई। तीन दोस्त घायल हो गए। अबान और सोनू का शव एक ही एंबुलेंस से झांसी से प्रयागराज पहुंचा। सोनू का हटवा गांव में ही कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार किया जाएगा। जबकि हादसे में घायल अबान के तीन दोस्त मो. जैद, उमर अहमद और फारुख अहजम को परिवार ने इलाज के लिए झांसी से प्रयागराज शिफ्ट करा लिया है। अबान की मौत से जु़ड़ी हुई ये खबरें भी पढ़ें माफिया अतीक के बेटे के अंतिम संस्कार से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…