आजमगढ़ में रविवार को UPSSSC की प्रारंभिक सहायक ग्रुप-C लिखित परीक्षा में एक नकलची पकड़ा गया। वह कान में हियरिंग डिवाइस लगाकर परीक्षा दे रहा था। उसे परीक्षा खत्म होने से 15 मिनट पहले यानी 11:45 बजे पकड़ लिया गया। यह परीक्षा शिवली नेशनल इंटर कॉलेज में हो रही थी। केंद्र पर सुबह 9 बजे से एंट्री शुरू हुई थी। परीक्षा 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होनी थी। कक्ष निरीक्षक ने परीक्षा के दौरान उसकी संदिग्ध गतिविधियां देखीं और तलाशी ली। तलाशी में उसके कान के अंदर हियरिंग डिवाइस मिली। इसमें सिम कार्ड और दो बैटरी सेल लगे थे। गहन तलाशी लेने पर उसकी अंडरवियर से भी एक डिवाइस और बैटरी सेल मिले। परीक्षार्थी वाराणसी का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद कोई व्यक्ति फोन पर उसे सवालों के जवाब बता रहा था। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है। दो तस्वीरें देखिए… कान के पास बार-बार हाथ ले जा रहा था परीक्षार्थी अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक अफजाल अहमद उस्मानी और आनंद सागर राय ड्यूटी पर थे। इसी दौरान एक परीक्षार्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। वह बार-बार कान के पास हाथ ले जा रहा था। शक होने पर निरीक्षकों ने उसका नाम-पता पूछा। उसने अपना नाम आलोक पटेल पुत्र वंशराज बताया। वह वाराणसी का रहने वाला है। कान में लगी थी डिवाइस, सिम से आ रहे थे जवाब तलाशी लेने पर उसके कान में एक छोटी डिवाइस लगी मिली। बाहर निकालकर देखा तो उसमें सिम कार्ड और दो बैटरी सेल लगे थे। सिम के जरिए डिवाइस पर कॉल आ रही थी। बाहर से कोई उसे सवालों के जवाब बता रहा था। आरोपी फोन कॉल के जरिए जवाब सुनकर परीक्षा दे रहा था। हालांकि उसके पास मोबाइल फोन नहीं मिला। तलाशी के दौरान आरोपी के अंडरवियर में एक और ब्लूटूथ डिवाइस छिपी मिली। दो बैटरी सेल, प्लास्टिक की डिब्बी और मूल प्रवेश पत्र भी बरामद हुआ। वाराणसी से सीखा नकल का तरीका पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वाराणसी में उसे एक व्यक्ति मिला था। उसी ने उसे हियरिंग डिवाइस, ब्लूटूथ उपकरण और बैटरी सेल दिए थे। उसने डिवाइस को शरीर में छिपाने का तरीका भी बताया था। परीक्षा के दौरान बाहर से उसे सवालों के जवाब बताए जाने थे। चयन होने के बाद उसे उस व्यक्ति को 4 लाख रुपए देने थे। शिवली नेशनल इंटर कॉलेज के प्राचार्य इमरान खान ने शहर कोतवाली में शिकायत दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उसे हिरासत में लेकर नकल के लिए डिवाइस के इस्तेमाल की जांच की जा रही है। नकल नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में पुलिस पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने आरोपी को डिवाइस और नकल करने का तरीका बताया था। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि परीक्षा केंद्र के बाहर से उसे जवाब कौन बता रहा था और दोनों के बीच कैसे संपर्क हुआ। पुलिस पूरे नकल नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। ——————– ये खबर भी पढ़िए… काशी में गंगा आरती घाट, वृंदावन में परिक्रमा मार्ग डूबे:10 नदियां उफान पर; यूपी में कल 75 शहरों में बारिश का अलर्ट यूपी में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से नदियां उफान पर हैं। गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। मथुरा में यमुना नदी का पानी घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। वृंदावन में केशीघाट पर परिक्रमा मार्ग डूब गया है। भक्त एक फीट पानी में उतरकर परिक्रमा लगा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…