हाथरस की रहने वाली एक महिला ने पति से परेशान होकर गुजरात के बडोदरा में फंदे से लटक गई। मरने से पहले उसने अपनी 8 महीने की बेटी को पड़ोसी को दे दिया। उसके बाद अपने बाएं पैर पर लिखा- मैं इस दुनिया से जा रही हूं, अब तुम अपने परिवार को खुश रखना। मैं तुम्हारी पिटाई को और सहन नहीं कर सकती। बेटी के रोने पर पड़ोसी महिला के घर पहुंचा। वहां उसने दुपट्टे के सहारे महिला का लटका हुआ शव देखा। पड़ोसी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बडोदरा के सायजी अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया। मामला 9 अगस्त का है, लेकिन बुधवार दोपहर 2 बजे सामने आया। मूलरूप से हाथरस का रहने वाला सुधीर कुमार बडोदरा में रिलायंस में इंजीनियर के पद पर काम करता है। 22 जून, 2023 को सुधीर की शादी सीमा (24) से हुई थी। सीमा पति के साथ बडोदरा के उंडेरा स्थित रिलायंस टाउनशिप में ही रहती थी। 9 अगस्त की सुबह सुधीर अपना फोन ठीक करवाने के लिए निकला। इसी दौरान सीमा ने अपनी 8 महीने की बेटी को ऊपरी मंजिल पर रहने वाले एक किराएदार को दे दिया। उसके बाद अपने कमरे में आई और फंदे से लटक गई। पति और सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज जब सुधीर घर लौटा, तब तक वहां भीड़ लग चुकी थी। मौके पर पुलिस भी मौजूद थी। इसके बाद सुधीर ने सीमा की मौत की खबर उसके मायकेवालों को दी। सूचना मिलते ही मायकेवाले सुधीर के घर पहुंचे। सीमा के मायकेवालों की शिकायत पर पति सुधीर कुमार, ससुर अनेक सिंह और सास शीला देवी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। भाई बोला- प्लॉट खरीदने के लिए 2 लाख रुपए मांगे थे सीमा के भाई अनिल कुमार ने बताया कि सुधीर ने मई- 2026 में हम लोगों से संपर्क किया। उसने एक प्लॉट खरीदने के लिए 2 लाख रुपए मांऐ थे। हमने उससे जुलाई तक इंतजार करने रे लिए कहा था। लेकिन, वो लोग सीमा को परेशान करने लगे। उसको मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। सीमा ने इस बारे में अपनी मां और भाभी को भी बताया था। मां बोली- दामाद ने बेटी के फोन पर हमारे नंबर ब्लॉक किए सीमा की मां ने पुलिस को बताया कि सुधीर कुछ दिन पहले पहले यूपी आया था। वह परिवार से 50 हजार रुपए की मांग कर रहा था। उस समय हम लोग यह रकम नहीं दे पाए थे। इसके बाद सुधीर ने सीमा के फोन पर हम लोगों के नंबर ब्लॉक कर दिए थे। ————————- यह खबर भी पढ़ें- शादीशुदा प्रेमिका को घर बुलाकर 17 चाकू मारे, बुलंदशहर में गुस्साए घरवालों ने हाईवे जाम किया बुलंदशहर में 42 साल के प्रेमी ने 38 साल की प्रेमिका की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, प्रेमी ने महिला के सीने, गले और चेहरे पर चाकू से 17 वार किए। पुलिस पहुंची, तो वह प्रेमिका के शव के पास चुपचाप बैठा मिला। यहां पढ़ें पूरी खबर