पत्नी को विदा न करने पर ससुर को मार डाला:लखीमपुर में दामाद ने चाकू से गोदा; बचाने आई पत्नी को भी किया घायल

लखीमपुर में शनिवार को पत्नी को साथ ले जाने से मना करने पर दामाद ने ससुर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पिता को बचाने पहुंची पत्नी पर भी उसने चाकू से हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर घरवाले और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों ने भाग रहे दामाद को दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद घायल पिता और बेटी को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने ससुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में बेटी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर फूलबेहड़ थाना क्षेत्र में हुई। जानिए पूरी घटना… सैदपुर गांव के रहने वाले सोहन लाल (61) ने 16 साल पहले अपनी बेटी सुमित्रा की शादी बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र के रविदासनगर निवासी मुकेश से की थी। पिछले 3-4 महीनों से मुकेश और सुमित्रा के बीच झगड़ा चल रहा था। इसके चलते सुमित्रा अपने मायके आ गई थी। उसने पति के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा भी दर्ज कराया था। मामले की अगली सुनवाई 25 अगस्त को होनी थी। शनिवार दोपहर मुकेश सैदपुर गांव अपने ससुराल पहुंचा। उसने पत्नी सुमित्रा को अपने साथ ले जाने की बात कही। ससुर सोहन लाल ने कहा कि 25 अगस्त को कोर्ट की सुनवाई के बाद बेटी को भेज देंगे। इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। पीठ पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार मुकेश ने गुस्से में चाकू निकालकर सोहन लाल पर हमला कर दिया। उसने उनकी पीठ पर कई वार किए। पिता को बचाने सुमित्रा पहुंची तो मुकेश ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। इसमें वह घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे मुकेश को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सास बोली- बेटी के साथ मारपीट करता था दामाद सास सोना ने बताया कि दामाद मुकेश नशे का आदी है। वह अक्सर मेरी बेटी के साथ मारपीट करता था। शनिवार को उसने घर के अंदर उनके पति सोहन लाल पर चाकू से हमला कर दिया। पड़ोसी धर्मेंद्र ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर वह मौके पर पहुंचे। वहां सोहन लाल खून से लथपथ पड़े थे। सोहन लाल पर उनके दामाद मुकेश ने ही चाकू से वार किया था। बेटे ने कहा- चाकू लेकर घर पहुंचा था जीजा सोहन लाल के बेटे ने बताया कि बहन के मुकदमे का समन देखने के बाद जीजा चाकू लेकर घर पहुंचे थे। उन्होंने पहले पिता पर हमला किया और फिर बहन को भी चाकू मार दिया। गंभीर हालत में सुमित्रा को लखनऊ रेफर किया गया है। पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर मौजूद गांव के प्रधान दिनेश ने बताया कि आरोपी दामाद को पहले भी सुलह के लिए बुलाया गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका। सूचना मिलने पर CO धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह और फूलबेहड़ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी दामाद को हिरासत में ले लिया गया है। जांच के बाद उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। ———————— यह खबर भी पढ़ें… अखिलेश यादव को मंत्री असीम अरुण का जवाब, कहा- कन्नौज में कब्रिस्तान की दीवारें बनाने के अलावा क्या किया कन्नौज में शनिवार दोपहर यूपी के मंत्री असीम अरुण ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- अखिलेश यादव ने कन्नौज में कब्रिस्तानों की दीवारें बनवाने के अलावा किया ही क्या है? अगर उन्होंने कोई और काम कराया है तो सबको बताएं। मंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में कन्नौज में हुए विकास कार्यों का लेखाजोखा एक किताब में तैयार किया गया है। मैं यह किताब अखिलेश यादव को पोस्ट से भेज रहा हूं। पढ़ें पूरी खबर…