सजा पूरी, फिर भी पाकिस्तान में कैद अलीगढ़ का बादल:प्यार में सरहद पार की; मां हाथ जोड़कर बोली- किडनी की बीमारी है, सरकार ले आए

अलीगढ़ का बादल पाकिस्तानी मुस्लिम लड़की के प्यार में 2 साल पहले सरहद पार पहुंच गया। बिना वीजा पाकिस्तान जाने के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया और एक साल की सजा सुनाई गई। बादल की सजा पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी वह लाहौर में डिटेंशन सेंटर में है। बादल के मां-पिता ने कहा- भारत वापसी की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हुई है। बादल ने हाल में ही फोन पर पिता से बात की। बताया कि पेट, आंतों और किडनी की बीमारी से वह परेशान है। परिजन अब पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी से बेटे बादल की जल्द वापसी की गुहार लगा रहे हैं। मां ने हाथ जोड़कर कहा- दो साल से बेटे को नहीं देखा, सरकार मेरे बेटे को वापस बुला दे। बरला क्षेत्र के गांव खिटकारी निवासी 23 साल का बादल दिल्ली की एक कंपनी में सिलाई का काम करता था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उसकी दोस्ती पाकिस्तान की लड़की सना रानी से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्यार हो गया। परिवार का कहना है कि बादल ने अगस्त 2024 में पाकिस्तान जाने की कोशिश की थी, लेकिन वह सफल नहीं हुआ। इसके बाद 15 अक्टूबर 2024 को वह बिना वीजा पाकिस्तान पहुंच गया। पाकिस्तान पहुंचकर काफी समय तक वहां काम भी किया बादल के पिता खेती और मजदूरी करते हैं। बादल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर है। उसके दोनों भाई रंगाई-पुताई का काम करते हैं। उनकी इकलौती बहन की शादी हो चुकी है। बादल की अभी शादी नहीं हुई है। परिवार के मुताबिक, पाकिस्तान पहुंचने के बाद बादल कुछ समय वहां रहा और काम भी करता रहा। 27 दिसंबर 2024 को पंजाब प्रांत के मंडी बहाउद्दीन क्षेत्र में पुलिस ने उसे अवैध रूप से पाकिस्तान में एंट्री करने के आरोप में गिरफ्तार किया। जांच के दौरान उस पर जासूसी का संदेह तो खत्म हो गया। इसके बाद विदेशी अधिनियम के तहत 13 मई को बादल की दलीलें सुनने के बाद पाकिस्तान अदालत ने उसे एक साल कैद की सजा सुनाई। उस पर 5 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया। परिजनों का कहना है कि बादल की एक साल की सजा 2025 के अंत या 2026 की शुरुआत में पूरी हो गई। सजा पूरी होने के बाद उसे जेल से निकालकर डिटेंशन सेंटर में रखा गया। यहीं से उसकी भारत वापसी की प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। पिता बोले- बेटे ने फोन पर कहा, मैं यहां परेशान हूं पिता कृपाल सिंह ने बताया कि हाल में मेडिकल जांच के दौरान बादल से फोन पर बात हुई थी। उसने तबीयत खराब होने और पेट, आंतों, किडनी में दिक्कत की बात बताई। जेल प्रशासन और वकील के जरिए उन्हें पता चला कि बादल की सजा पूरी हो चुकी है। पाक प्रशासन ने कहा है कि भारत सरकार की तरफ से लेटर मिलने पर उसे जल्द रिहा किया जा सकता है। कृपाल सिंह के मुताबिक, बादल ने फोन पर कहा था कि मम्मी-पापा सरकार से मदद की गुहार लगाएं और भारत वापस बुला लें। मां बोलीं- दो-तीन साल से बेटे की शक्ल नहीं देखी मां गायत्री देवी ने कहा- मुझे बादल के पाकिस्तान जाने की जानकारी नहीं थी। करीब दो-तीन महीने बाद मीडिया के जरिए पता चला कि बेटा पाकिस्तान की जेल में है। इसके बाद वह इधर-उधर से पैसे जुटाकर दिल्ली गईं और पांच दिन तक बेटे की जानकारी के लिए भटकती रहीं, लेकिन किसी अधिकारी या नेता से मुलाकात नहीं हो सकी। गायत्री ने कहा कि मैंने सरकार से बहुत गुहार लगाई, लेकिन अब तक मदद नहीं मिली। उन्होंने हाथ जोड़कर सरकार से अपील की है कि उनके बेटे की जल्दी सुनवाई कराकर उसे वापस लाया जाए। दो साल से उन्होंने बेटे की शक्ल नहीं देखी है। भाई बोले- बहुत कोशिश की, सरकार ने कोई मदद नहीं की भाई निशांत ने कहा- बादल ने कभी परिवार को पाकिस्तान जाने या वहां किसी लड़की से संपर्क के बारे में नहीं बताया। भाई की वापसी के लिए परिवार ने बहुत कोशिश की और दिल्ली भी गया, लेकिन प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो सकी। निशांत के मुताबिक, पाकिस्तान की तरफ से बताया गया कि बादल की सजा पूरी हो चुकी है, लेकिन भारत सरकार की तरफ से कोई मदद नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि भाई से अभी बातचीत भी नहीं होती है और उसकी बहुत याद आती है। उनकी मांग है कि मोदी और योगी सरकार भाई को जल्द से जल्द भारत वापस लाए। सना के लिए बादल ने धर्म बदला, फिर भी उसने नहीं अपनाया पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों ने बादल से पूछताछ की। इस दौरान बादल ने बताया कि उसने सना से निकाह करने के लिए कबूल कर लिया था, लेकिन सना ने उसे अपनाने से साफ इनकार कर दिया। पिता कृपाल ने बताया- मुझे जब बेटे के जेल में बंद होने का पता चला, तो इंटरनेट के जरिए पाकिस्तान के वकील फियाज रामे से संपर्क किया। उनसे केस लड़ने के लिए अपील की। वे तैयार हो गए। 28 फरवरी को कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान बादल ने वकील को एक कागज का टुकड़ा दिया। कहा- इसको मंडी बहाउद्दीन में सना के घर पहुंचा दीजिएगा। लेटर में क्या लिखा था पढ़िए…. ————– ये खबर भी पढ़िए- डॉक्टर के 8वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड करने का CCTV: लिखा- मौत की जिम्मेदार ठग गरिमा; गोरखपुर में बेटी बोली- पापा लौट आओ मेरी मौत की जिम्मेदार गरिमा सिंह और उसका गिरोह है…गुरुवार सुबह यह लाइन एक कागज पर लिखकर डॉ. परमात्मा सिंह ने सुसाइड कर लिया। वह सुबह 9:10 बजे अपने फ्लैट से निकले। सुसाइड नोट को पैंट की दाएं जेब में डाला और तेजी से पहले नीचे पार्क में गए। करीब 9:13 बजे पार्क से बेसमेंट की तरफ गए, वहां से लिफ्ट से 8वीं मंजिल पर पहुंचे। यहां से कूद गए। पढ़ें पूरी खबर…